Uncategorized

अमिताभ, एश्वर्या व शाहरुख को स्टारडस्ट अवार्ड

phpthumb_generated_thumbnail

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन को सितारों सजे स्टारडस्ट अवार्ड में सम्मानित किया गया। इस समारोह का आयोजन सोमवार रात को हुआ, जिसमें काजोल, सलमान खान, अनुष्का शर्मा, रिचा चड्ढा, दिलजीत दोसांझ, मनीषा कोइराला, श्रीदेवी सहित कई बॉलीवुड कलाकारों ने शिरकत की। इस समारोह में आशा भोंसले को लिविंग लीजेंड और अमिताभ बच्चन को इस साल उनकी फिल्म ‘वजीर’ और ‘पिंक’ के लिए व्युअर्स च्वाइस बेस्ट एक्टर मेल के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ऐश्वर्या ने शाहरुख को उनकी फिल्म ‘फैन’ के लिए एडिटर्स च्वाइस बेस्ट एक्टर ऑफ द ईयर (मेल) की ट्रॉफी से सम्मानित किया।
शाहरुख ने मंगलवार को ट्वीट किया, “फैन और गौरव के लिए कलर्स सैंसुई स्टारडस्ट अवार्ड्स का शुक्रिया।” बिग बी ने अपनी बहू ऐश्वर्या को एडिटर्स च्वाइस आइकॉनिक रोल ऑफ द ईयर की ट्रॉफी भेंट की।  फिल्मकार उमंग कुमार ने ‘सरबजीत’ में अभिनय के लिए ऐश्वर्या को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, “आप इसकी हकदार हैं।” इसी समारोह में स्टार जोड़ी शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने अभिनेत्री रेखा को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं, फिल्म ‘कपूर एंड सन्स’ में शानदार अभिनय के लिए रणबीर कपूर और नीतू कपूर ने अभिनेता ऋषि कपूर को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया।
अमेरिका से रविवार को मुंबई लौटीं ‘क्वांटिको’ स्टार प्रियंका चोपड़ा को अभिनेत्री श्रीदेवी ने ग्लोबल आइकन अवार्ड से सम्मानित किया। प्रियंका की चचेरी बहन, अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने उनके सम्मान में मंच पर शानदार प्रस्तुति दी। समारोह में जैकलीन फर्नाडिस, दिलजीत और हिमेश रेशमिया ने भी प्रस्तुति दी।  साल के सर्वश्रेष्ठ फिल्मकार का पुरस्कार राम माधवानी को फिल्म ‘नीरजा’ के लिए मिला।
सोनम कपूर को ‘नीरजा’ के लिए एडिटर्स च्वाइस बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। इस फिल्म में सोनमा का मां का किरदार निभाने वाली शबाना को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया।
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा ‘ऐ दिल है मुश्किल’ ने बेस्ट म्यूजिक फिल्म का भी पुरस्कार जीता।  काजोल ने समारोह में अभिनेता अजय देवगन के बदले उनकी फिल्म ‘शिवाय’ के लिए विशेष पुरस्कार ग्रहण किया। अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का पुरस्कार हासिल किया और फिल्म में उनके साथ दिखीं सैयामी खेर और ‘एम.एस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी’ के लिए दिशा पटानी ने सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया।
बेस्ट सुपरस्टार ऑफ नेक्सट जेनरेशन का पुरस्कार वरुण धवन को मिला।  संगीत की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के लिए प्रीतम को ‘ऐ दिल है मुश्किल’, अमिताभ भट्टाचार्य को ‘चन्ना मेरया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार, इस गीत के लिए अरिजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ पाश्र्व गायक और नेहा भसीन को ‘सुल्तान’ के ‘जग घूमएया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पाश्र्व गायिका का पुरस्कार मिला। सलमान और अनुष्का अभिनीत फिल्म सुल्तान ने व्युअर्स च्वाइस बेस्ट फिल्म और बेस्ट कॉस्टूयूम डिजाइन का पुरस्कार हासिल किया। बॉस्को-सीजर को ‘काला चश्मा’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशक का पुरस्कार मिला।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close