प्रदेश

मध्य प्रदेशः दलित लड़की को स्कूल जाने से रोका, विरोध करने पर परिवार को पीटा

जहां पूरा देश 25 जुलाई को इस बात पर गर्व कर रहा था कि द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी हैं। ठीक उसी वक्त मध्य प्रदेश के एक छोटे से जिले के छोटे से गांव में एक दलित बेटी के पूरे परिवार को पीटा जा रहा था। देश के कई राज्यों में आज भी दलितों के साथ भेदभाव किया जाता है और इस बात से इंकार नही किया जा सकता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला मध्यप्रदेश के शाजापुर से सामने आया है।

यहां 16 साल की दलित लड़की को गांव के ही 3 युवकों ने स्कूल जाने से मना कर दिया। इस बात का विरोध जब लड़की के घरवालों ने किया तो घरवालों से भी मारपीट की गई। दरअसल, यहां के बावलियाखेड़ी गांव में एक दलित लड़की को स्कूल जाने से रोकने पर दो पक्षों में विवाद हो गया।

दबंगों ने न सिर्फ लड़की को स्कूल जाने से रोका, बल्कि उसका स्कूल बैग भी छीन लिया। जिसके बाद उसके भाई ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद गांव में दो गुटों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। वहीं इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं इन युवकों का कहना था कि उनके गांव से कोई भी लड़की स्कूल पढ़ने नहीं जाती, इसलिए वह भी नहीं जाएगी। इस बात का जब लड़की के भाई ने विरोध किया तो तीनों लड़कों ने लड़की के भाई के साथ मारपीट की। बाद में लड़की के परिवार के लोगों और आरोपियों के परिजनों के बीच इसी बात पर झड़प भी हुई। झड़प के बाद लड़की के परिजनों ने घटना की शिकायत स्थानीय थाने में की। शिकायत के बाद पुलिस ने अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close