उत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ के दुबग्गा में देर रात लगी भीषण आग, कई होटल और झोपड़पट्टियां जलकर हुईं राख

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात करीब दो बजे सड़क किनारे बने होटल और झुग्गी बस्ती में आग लग गई। आग से करीब आधा दर्जन होटल और झोपड़पट्टी जलकर राख हो गईं। आग की तपिश से होटल में रखे गैस सिलिंडर तेज धमाकों के साथ फटे। घटना से अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने आठ गाड़ियों की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

रिंग रोड पर सड़क किनारे झोपड़ी में अरविंद कुमार और विरेंद्र कुमार का होटल है। शुक्रवार देर रात होटल से धुआं और आग की लपटें निकलती देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आस पड़ोस में राजकुमार, जरीन और अन्य झोपड़ियों में सो रहे लोग बचाव में भाग खड़े हुए। पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग बेकाबू होते देख लोगों ने दमकल को सूचना दी।

चौक, हजरतगंज और बीकेटी से दमकल कर्मी गाड़ियां लेकर पहुंचे। इस बीच आग की तपिश से झोपड़पट्टी और दुकानों में रखे गैस सिलिंडर धमाके के साथ फटने लगे। ताबड़तोड़ हुए धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई। लोग सुरक्षा की दृष्टि से भाग निकले। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

आग की चपेट में आने से छह होटल और झोपड़पट्टी जल गईं। चीफ फायर अफसर विजय कुमार सिंह ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था। सड़क किनारे बनी झोपड़पट्टी और चाय के होटल जले हैं।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close