Main Slideराष्ट्रीय

भाजपा नेता ने छत्रपति शिवाजी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का किया प्रयोग, मचा बवाल

पुणे। भाजपा नेता और अहमदनगर के डिप्टी मेयर के छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने पर हंगामा मच गया है। इस मामले में अहमदनगर से भड़की आग अब पुणे तक जा पहुंची है। नेता के आपत्तिजनक कमेंट के बाद लोग सड़कों पर उतर आए हैं।

शुक्रवार दोपहर अहमदनगर में माहौल तब हिंसक हो उठा जब भाजपा के डिप्टी मेयर श्रीपाद छिंदम का एक ऑडियो टेप वायरल हो गया। इसमें वह एक निगम के कर्मचारी को फटकार रहे हैं। इस दौरान वो शिवाजी के बारे में अपमानजनक बातें भी कह रहे हैं। घटना के जोर पकड़ते ही छिंदम को अहमदनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


उधर, भाजपा हाईकमान ने घटना के सामने आते ही श्रीपाद छिंदम को पार्टी और डिप्टी मेयर के पद से बर्खास्त कर दिया है। बता दें कि ये घटना उस समय सामने आई है, जब पूरे राज्य में शिवाजी जयंती की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। बताया जाता है कि श्रीपाद छिंदम ने अपने स्टाफ को फोन कर उससे कुछ अधूरे पड़े काम की जानकारी लेनी चाही। स्टाफ की बात सुनकर छिंदम भड़क गए और फोन पर ही गालियां बकनी शुरू कर दी। इस आवेश में स्टाफ के साथ ही उन्होंने छत्रपति शिवाजी के लिए भी अपमानजनक बातें कह डाली।

स्टाफ और छिंदम की बात का ये ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा है। इसके बाद लोग हिंसक हो उठे और छिंदम के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। अहमदनगर से लेकर पुणे तक भाजपा नेता के इस बयान पर हंगामा मच गया। खबरों के मुताबिक पुणे से भी हिंसक प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने विधायक अनिल राठौड़ के नेतृत्व में छिंदम के इस्तीफे की मांग कर डाली और उनके घर पर तोड़फोड़ भी की। उधर भाजपा ने बयान जारी कर कहा कि शिवाजी महाराज के खिलाफ इस तरह की बातें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close