Main Slideउत्तर प्रदेश

नशे में टल्‍ली हो बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, मंडप में गिरा तो दुल्‍हन ने शादी से किया इनकार

शाहजहांपुर। शादी में शराबी दूल्हे के पैर क्‍या लड़खड़ाए, दुल्हन ने शादी करने से ही मना कर दिया। इसके बाद शादी में खलबली मच गई।

नाक की बात बताकर वर पक्ष के लोगों ने शादी करने का दबाव बनाया। वधू पक्ष ने दबाव के आगे न झुकते हुए पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन दूल्हे को बगैर दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

दरअसल मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां बीती रात बड़ी धूमधाम से दूल्हा घोड़ी पर बैठकर एक मैरिज हॉल जा रहा था। मैरिज हॉल पहुंचने पर जब दूल्हा घोड़ी से उतरा तो वो गिरते-गिरते बच गया। दूल्हे के दोस्त अगर दूल्हे को पकड़ते नहीं तो दूल्हा गेट पर ही गिर जाता।

दरअसल, शादी की खुशी में दूल्हे ने इतनी शराब पी ली थी कि उसे खुद का होश नहीं रहा। जब दुल्हन तक खबर पहुंची कि दूल्हा शराब के नशे में टल्ली है और कई बार बारात में गिरते-गिरते बचा है तो उसने शादी से इनकार कर दिया।

शादी से दुल्हन का इनकार के बाद नजदीक के कई लोगों ने उसे काफी समझाया। इसके बाद दुल्हन मान गई। द्वारचार के लिए दूल्हे को लाया गया। तभी दूल्हा सबके सामने ही जमीन पर गिर गया। अब यह किस्‍सा जंगल में आग की तरह मेहमानों में भी फैल गई। सबको खबर हो गई कि दूल्हा शराबी है।

जमीन पर गिरने की खबर जब फिर से दुल्हन तक पहुंची तो दुल्हन ने ठान लिया कि अब उसे शादी नहीं करनी है। इस बार दुल्हन के माता-पिता बेटी को समझाते रहे कि बारात आ चुकी है, सभी मेहमान शादी में मौजूद हैं। अगर शादी नहीं करोगी तो काफी बदनामी होगी, कुंवारी बैठी रहोगी, फलां–फलां। लेकिन दुल्हन ने शराबी दूल्हे को सबक सिखाने की ठान ली थी। इसलिए दुल्हन ने फिर से शादी से इनकार कर दिया।

फिर क्या था जब दुल्हन की शादी से इनकार वाली खबर दूल्हे पक्ष को लगी तो दूल्हे पक्ष में हड़कंप मच गया। उसके बाद दूल्हे पक्ष ने कई तरह से दुल्हन पक्ष पर समझौते का दबाव बनाया गया। पहले तो दूल्हे पक्ष ने रिश्तेदारों से दुल्हन पक्ष पर दबाव बनाया, लेकिन दूल्हे की नहीं चली।

उसके बाद दूल्हा पक्ष दबंगई पर उतर आया और जबरन शादी करने की धमकी देने लगा। इस पर दुल्हन पक्ष ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही दूल्हा पक्ष के कस बल ढीले पड़ गए और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। उसके बाद दूल्हे को बगैर दुल्हन के ही घर जाना पड़ा।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close