उत्तराखंड

ऐसा क्या किया मंत्री ने जो राज्य को जापान की तरफ से मिले 900 करोड़ की सौगात

देहरादून। बड़े बुजुर्ग अक्सर कहा करते हैं कि काम ऐसा करो कि खर्चा कम आए मुनाफा अधिक हो। ऐसा कर दिखाया है उत्तराखंड सरकार में वन मंत्री हरक सिंह रावत ने। हरक सिंह रावत राज्य के प्रशासनिक अधिकारी के साथ इन दिनों जापान के दौरे पर हैं। यह जापान दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि इस दौरे में उत्तराखंड को जापान की तरफ से 900 करोड़ रुपए की सहायता मिली है। एक और खास बात यह भी है कि दौरा सरकारी खर्च पर नहीं बल्कि एक विदेशी संस्था के पैसों पर हुआ है।

जापान दौरे पर गए वन एवं पर्यावरण मंत्री हरक सिंह रावत ने उत्तराखंड में हो रहे भूस्खलन, नदियों में आ रहे बदलाव और भूकंप रोधक तकनीकें जांचने और परखने के लिए जापान में कई संस्थाओं और वैज्ञानिकों के साथ सरकार के लोगों से भी मुलाकात की है। इससे उत्तराखंड का काफी नाम हुआ है और सरकार को फायदा भी हुआ है।

उत्तराखंड राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद राज्य सरकार को जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी ने जापान आने का निमंत्रण दिया था। बुलावे के बाद मंत्री हरक सिंह रावत के साथ मुख्य सचिव एस रामास्वामी, मानव संसाधन पीसीसीएफ मनीष मलिक, अनूप मलिक और राजा जी नेशनल पार्क के उप निदेशक किशनचंद जापान पहुंचे हुए हैं।

आज यानी बुधवार को इन सभी लोगों की मीटिंग जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के लोगों से हुई। बैठक में राज्य सरकार के मंत्री और अधिकारियों ने उत्तराखंड में लगातार हो रहे भूस्खलन, बाढ़, भूकंप सहित तमाम आपदाओं पर बात की जिसके बाद बैठक में मौजूद वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने उत्तराखंड को अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी के द्वारा पहाड़ों का ट्रीटमेंट, नदियों का रखरखाव और भूकंप से बचने के लिए 900 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।

इसके साथ ही जापान की तरफ से जल्द एक दल उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी करेगा। बताया जा रहा है कि अब जापान के वैज्ञानिक उत्तराखंड आकर राज्य सरकार और उनके अधिकारियों को वही टिप्स बताएंगे जो जापान में वह अपना रहे हैं।

उत्तराखंड राज्य में त्रिवेंद्र सरकार को बने हुए करीब 5 महीने बीत चुके हैं और इस बीच प्रकाश पंत से लेकर सतपाल महाराज भी तमाम देशों की यात्रा कर चुके हैं। बावजूद इसके इन मंत्रियों के दौरे से राज्य सरकार और राज्य को कुछ मिला हो या न मिला हो लेकिन वन मंत्री हरक सिंह रावत के दौरे के बाद राज्य सरकार को न केवल खाली आर्थिक रूप से बल बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी जापान ने काफी बड़ी सौगात दी है, जिससे आने वाले समय में उत्तराखंड का काफी विकास होगा।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close