Main Slideउत्तर प्रदेश

उप्र: क्या सपा के गढ़ में खिलेगा कमल? भाजपा ने शुरू कर दी तैयारी

लखनऊ। उप्र की सत्ता पर पिछले पांच सालों से ज्यादा समय से आरूढ़ भाजपा अब मुख्य विपक्षी दल सपा के दो गढ़ों मैनपुरी लोकसभा (Mainpuri Lok Sabha) व रामपुर की विधानसभा सीट पर कब्जा जमाना चाह रही है। भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को यहां उपचुनाव का ऐलान किया था।

बता दें कि इन दोनों सीटों पर क्रमशः सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन व आजम खान के अयोग्य घोषित होने के चलते उपचुनाव होने वाले हैं। इसके लिए सत्तारूढ़ दल ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

क्या हैं भाजपा की तैयारियां?

भाजपा की जिला समिति ने मैनपुरी संसदीय सीट पर मंथन शुरू कर दिया है। खबर है कि क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों पर पार्टी कैडर की बैठकें जारी हैं और इसकी जानकारियां क्षेत्रीय और प्रदेश नेतृत्व को दी जा रही है।

मैनपुरी में करीब 17 लाख मतदाता हैं, जिनमें 5 लाख यादव और 3-3 लाख शाक्य और ठाकुर हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह का कहना है कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।

सपा की प्लानिंग

उधर, सपा ‘सहानुभूति मतों’ पर भरोसा कर रही है। खबर है कि पार्टी इस प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर कब्जा बरकरार रखने के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है। सपा प्रवक्ता जूही सिंह का कहना है, ‘पार्टी मैनपुरी और रामपुर सीट के उपचुनाव को हल्के में नहीं लेगी। सपा का संगठन स्तर पर काम मजबूत हैं और सीटों से लोगों की भावनाएं भी जुड़ी हुई हैं।’

यह भी पढ़ें- फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले अब्दुल्ला आजम को झटका, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका

संभावनाएं जताई जा रही हैं कि सपा मुलायम के भाई के पोते तेज प्रताप यादव को मैदान में उतार सकती है। साल 2014 में तेज प्रताप ने यहां से जीत दर्ज की थी।

रामपुर के लिए भी कसी कमर

रामपुर सीट पर भाजपा 12 नवंबर को ‘मुस्लिम समारोह’ आयोजित करने की योजना बना रही है। खबर है कि इसके जरिए पार्टी पसमांदा समुदाय को अपने पक्ष में लाने की कोशिश करेगी। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी शामिल होंगे। इसके अलावा यूपी सरकार के वरिष्ठ मंत्री भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close