अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में बाढ़ से मचा है कोहराम! दाने-दाने को हुआ मोहताज

इस्लामाबाद। बाढ़ की चपेट में आया पाकिस्तान इन दिनों नर्क बनता जा रहा है। पाकिस्तान में लोग अपनी जान बचाने के लिए मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं, जबकि फैलती बीमारियों ने भी जिंदा रहना मुश्किल कर दिया है। इंसान ही नहीं, लाखों की संख्या में जानवर भी मारे जा रहे हैं। पाकिस्तान अब दुनिया से मदद की गुहार भी लगा रहा है। बाढ़ से आई हुई तबाही में यहां सब कुछ डूबता जा रहा है। पाकिस्तान के जोही शहर की सड़कें गायब हो चुकी है। लोगों को नाव के सहारे ही जिंदगी की जंग लड़नी पड़ रही है। खाने-पीने को भी कुछ नहीं है।

सदी की सबसे बड़ी तबाही देख साफ है कि इस महाप्रलय का सामना करने के लिए पाकिस्तान बिल्कुल तैयार नहीं था। अब तक यहां बाढ़ की चपेट में आकर 1265 से ज्यादा जानें जा चुकी हैं। लेकिन बच्चों की जान ज्यादा जाने से यूनिसेफ भी चिंतित है। जबकि 7 लाख से ज्यादा मवेशी भी बाढ़ की चपेट में आकर मारे जा चुके हैं। स्वात घाटी के बहरान में हालात बेहद खराब हैं। यहां तक राहत नहीं पहुंच पा रही है। कई लोगों को अपनी जान बचने के लिए मजबूरी में कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। इन्हें नहीं मालूम कि आगे क्या होगा बाढ़ पीड़ित खालिद ने कहा कि हमें अभी 36 किलोमीटर और आगे जाना होगा सुबह 6 बजे से पैदल चल रहे है। यहां करीब 2 लाख लोग बुरी तरह से अलग-थलग पड़ चुके हैं 100 साल पार कर चुके बुजुर्ग भी बताते हैं कि उन्होंने इससे पहले ऐसा कभी नहीं देखा।

फ़ैल रही है कई बीमारी

पाकिस्तान की हालत बदतर होती देख दुनिया के समाजसेवी संगठन भी मानवीय मदद देने यहां पहुंच चुके हैं। सिंध प्रांत में बाढ़ के असर से बीमारी भी फैल रही है। मर्सी कॉर्प्स की फराह नौरीन ने कहा कि यहां लोगों में डायरिया फैल रहा है। त्वचा रोग, आंखों में संक्रमण और वाटरबोर्न रोग फैल रहा है। इसलिए सबसे पहले हमारी प्राथमिकता इनका इलाज करने की हैं।

रिपोर्ट- लाइबा अशफाक 

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close