Main Slideप्रदेशराष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रा फिर शुरू, बेस कैंप से तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना

जम्मू। बीते शुक्रवार को बादल फटने के बाद रोकी गई श्री अमरनाथ यात्रा दो दिन के व्यवधान के बाद आज सोमवार से बहाल कर दी गई। जम्मू आधार शिविर भगवती नगर से भी श्रद्धालुओं का जत्था कश्मीर घाटी के लिए रवाना कर दिया गया है।

मौसम साफ होने की वजह से सर्वप्रथम पहलगाम यात्रा मार्ग पर पंचतरणी में डटे श्रद्धालुओं को भी बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आगे रवाना कर दिया गया। जम्मू से भी दो दिन बाद जत्था रवाना हुआ। शुक्रवार को हुई दुर्घटना में 16 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 41 अभी भी लापता हैं।

जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का 12 जत्था आधार शिविर भगवती नगर से आज रवाना हुआ। पहलगाम और बालटाल रूट से दर्शन करने के लिए पंजीकृत किए गए कुल 4026 श्रद्धालु आज भगवती नगर स्थित आधार शिविर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच छोटे एवं बड़े वाहनों में बैठ कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुए।

वहीं प्रशासन ने श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी फिर से बहाल कर दी है। जम्मू से रवाना हुए श्रद्धालुओं ने कहा कि हम ऊर्जा से भरे हुए हैं।

बता दें कि शुक्रवार शाम बादल फटने के बाद बाढ़ और भूस्खलन से पवित्र गुफा के पास आधारभूत ढांचे को काफी नुकसान हुआ और बालटाल यात्रा मार्ग का ट्रैक भी क्षतिग्रस्त हुआ था। तेज बहाव से पेयजल, बिजली और संचार व्यवस्था को भी काफी नुकसान पहुंचा।

शनिवार से ही सेना और सुरक्षाबल यात्रा ट्रैक की मरम्मत और व्यवस्था बहाली में जुटे थे। रविवार को भी दिनभर सेना, केंद्रीय बलों के जवान और प्रशासन की तमाम एजेंसियां पूरी ताकत से ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी रहीं। खस्ताहाल ट्रैक को काफी हद तक दुरुस्त कर दिया गया है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close