उत्तराखंडराष्ट्रीय

गांधी जयंती के दिन ट्विटर पर ट्रेंड हुआ ‘गोडसे ज़िंदाबाद’, वरुण गांधी ने जताई नाराज़गी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने आज महात्मा गांधी की 152वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंग्रेजों से आजादी दिलाने में महात्मा गांधी का विशेष योगदान रहा है। पूरा विश्व आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के तौर पर मना रहा है। इसी बीच ट्विटर पर राष्ट्रपिता की हत्या करने वाले नाथूराम ‘गोडसे ज़िंदाबाद’ ट्रेंड हो रहा है जिस पर भाजपा सांसद वरुण गांधी ने नाराज़गी जताई है।

नाथूराम गोडसे के समर्थन में ट्वीट

वरुण गांधी ने कहा कि जो लोग ‘गोडसे जिंदाबाद’ ट्वीट कर रहे हैं, ये लोग देश को गैर जिम्मेदाराना तरीके से शर्मसार कर रहे हैं। ‘भारत हमेशा से आध्यात्मिक महाशक्ति रहा। लेकिन यह महात्मा हैं जिन्होंने हमारे राष्ट्र के आध्यात्मिक आधार को अपने अस्तित्व के माध्यम से व्यक्त किया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया जो आज भी हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’ बता दें कि इस पर 61 हजार से ज्यादा लोग ट्वीट कर चुके हैं। ये लोग नाथूराम गोडसे के समर्थन में ट्वीट कर रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने इस ट्रेंड की आलोचना भी की।

बापू ने देश को आजाद करवाने में सबसे अहम भूमिका निभाई

बता दें नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोडसे को इसके लिए फांसी की सजा दी गई थी। बापू ने देश को अंग्रेजों के चंगुल से आजाद करवाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत के दम पर अंग्रेजों को कई बार घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और उनके अहिंसा के सिद्धांत को पूरी दुनिया ने सलाम किया।

Also Read: उत्तराखंड में हिमस्खलन से हुआ बड़ा हादसा, 10 जवान लापता

Also read:सीएम योगी ने बाराबंकी को दिया 500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का तोहफा

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close