IANS

बिहार : कांग्रेस के ‘दही-चूड़ा’ भोज में पहुंचे महागठबंधन के नेता

पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)| मकर संक्रांति के मौके पर बिहार में राजनीतिक दलों द्वारा दही-चूड़ा भोज के आयोजन का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कांग्रेस द्वारा प्रदेश कार्यालय में दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। भोज में महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी हालांकि भोज में नहीं पहुंच सके। इससे पहले, सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों द्वारा दही-चूड़ा भोज का आयोजन कर राजग की मजबूती दिखाने की कोशिश की गई थी।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय ‘सदाकत आश्रम’ में दही-चूड़ा के भोज में पहुंचनेवाले महागठबंधन के दिग्गज नेताओं का स्वागत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने स्वयं किया और सभी को मकर संक्रांति की बधाई और शुभकामनाएं दीं। जीतनराम मांझी इस महाभोज में नहीं पहुंच सके, लेकिन उनकी पार्टी की ओर से वृषिण पटेल भोज में पहुंचे।

इस भोज में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी शिरकत की।

इस मौके पर कुशवाहा ने महागठबंधन की मजबूती को दोहराते हुए कहा कि खरमास समाप्त हो गया है अब सभी घटक दलों के नेता मिल-बैठकर सीट बंटवारा भी तय कर लेंगे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कहीं कोई विवाद नहीं है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा का भोज का आयोजन अपने आवास पर किया था, जबकि लोजपा कार्यालय में भी दही-चूड़ा भोज का ओयोजन किया गया था।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close