Main Slideराष्ट्रीय

केरल : बाढ़ से बेघर हुए लोग ढूंढ़ने निकले अपना आशियाना, हर तरफ सफाई शुरू

राज्य में अभी भी 1,435 राहत शिविरों में 4,62,456 लोग मौजूद

केरल में राहत शिविरों में शरण लिए लोग अब जलस्तर घटने पर अपने घरों को लौटने लगे हैं, जो लोग घरों को लौट रहे हैं, वहां सफाई कार्य जोरों पर है। फिलहाल राज्य में 1,435 राहत शिविरों में अभी भी 4,62,456 लोग हैं।

मुख्यमंत्री, केरल पिनरई विजयन ने कहा कि 1435 राहत शिविरों में अभी भी 4,62,456 लोग हैं। शनिवार तक 1822 शिविरों में 6.05 लाख लोग थे। विजयन ने कहा कि स्कूल और शैक्षिक संस्थान 29 अगस्त से खुल जाएंगे, ऐसे में राहत शिविरों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करना होगा। राहत शिविर दक्षिणी जिलों चेंगन्नूर, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, पथनामथित्ता, कोट्टायम और त्रिशूर में अब लगे हुए हैं।

 

केरल सरकार के आंकड़े के अनुसार रविवार को 16,255 स्वयंसेवकों ने 14,485 घरों और 254 सरकारी कार्यालयों की साफ-सफाई की। इसके साथ ही सड़कों की भी सफाई की गई। केरल में 29 मई से जारी मॉनसून की बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 417 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ की वजह से बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ है।

वहीं माकपा विधायक साजी चेरियन ने मीडिया से कहा कि रविवार को काफी संख्या में लोग अपने घरों को लौटे। बाकी बचे लोग एक सितंबर तक अपने घरों को लौट जाएंगे।

कांग्रेस विधायक अनवर सादात और वीडी सतीशन ने इस बात पर जोर दिया कि राहत शिविर बंद करने के लिए लोगों को जबरन राहत शिविरों से घर नहीं भेजा जाना चाहिए।

( इनपुट- IANS / एडिट – लाइव उत्तराखंड डेस्क)

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close