Main Slideउत्तर प्रदेश

पत्‍नी को सरेआम पेड़ से बांधकर 7 घंटों तक पीटता रहा पति, तमाशबीन बनी रही भीड़ 

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पंचायत के तुगलकी फरमान एक महिला पर बेहद भारी पड़ गया। पंचायत के फरमान पर एक पति ने अपनी पत्नी को पेड़ से बांधकर उसकी बेल्ट और डंडों से सरेआम पिटाई कर दी। महिला पर आरोप था कि वह किसी युवक के साथ चली गई थी।

मामला पंचायत तक पहुंचा तो उसे हैवानियत भरी सजा सुनाई गई। इसके बाद उसके पति ने उसे सरेआम पीटकर ‘मर्दानगी’ दिखाई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पीड़िता की तहरीर पर सात नामजद और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के पति, गांव के पूर्व प्रधान और उसके बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया है।


घटना बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के लौंगा गांव की है। बता दें कि लौंगा गांव की रहने वाली एक विवाहित महिला गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। महिला पांच-छह दिन तक उसी के साथ रही। बाद में उस युवक का एक रिश्तेदार उसे गांव में वापस छोड़ गया। महिला के गैर पुरुष के साथ जाने पर गांव में बीते 20 मार्च को पंचायत बैठी।

आरोप है कि पंचायत के फरमान पर महिला को पूरे गांव के सामने पेड़ से बांधा गया। महिला के पति ने उसकी बेल्ट और डंडे से सरेआम पिटाई की। महिला ने ग्रामीणों से बचाने की गुहार भी लगाई, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी एक नहीं सुनी। उल्‍टे उसे लज्जित भी किया। वीडियो में महिला का पति उसे पीटते हुए कह रहा है ‘अब भाग के दिखा।’

बता दें कि इस दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने इस हैवानियत का पूरा वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि घर के अंदर भी उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं। पीड़ित महिला को इस घटना के बारे में कहीं भी मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामला कई दिन पुराना है लेकिन हाल ही में ये प्रकाश में आया है। गौरतलब है कि महिला को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की गई थी। अब पीड़ित महिला की तहरीर पर सात नामजदों सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ स्याना कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close