राष्ट्रीय

2018 में महाराष्ट्र को मिले सर्वाधिक ‘पद्म’ अलंकरण

मुम्बई, 26 जनवरी (आईएएनएस)| वर्ष 2018 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म अलंकरण के लिए महाराष्ट्र से ग्यारह श्रेणियों में नामांकन हुआ था जिनमें राज्य में मरणोपरांत के एक समेत सर्वाधिक दस पुरस्कार आए हैं।

69वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार शाम इन पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायक ग़ुलाम मुस्तफा खान को मिला है जबकि तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ राज्य के प्रसिद्ध सितार वादक अरविंद पारिख को मिला है। दोनों अलंकरण कला और संगीत की श्रेणी में मिले हैं।

देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ प्रसिद्ध डॉक्टर जोड़ी डॉक्टर अभय बंग और डॉक्टर रानी बंग (गड़चिरौली) को स्वास्थ्य की श्रेणी में दिया गया है।

पुणे के विश्व प्रसिद्ध अरविंद गुप्ता को शिक्षा/साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए, अभिनेता मनोज जोशी (मुम्बई) को कला/अभिनय तथा उद्योगपति रामेश्वरलाल काबरा (मुम्बई) को उद्योग/व्यापार की श्रेणी में पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

अभिनेता शिशिर पुरुषोत्तम (मुम्बई), पैराप्लेजिक तैराक मुरलीकांत पेटकर (पुणे) को खेल/तैराकी की श्रेणी और दलित लेखक पनतवाणे गंगाधर (पुणे) को साहित्य की श्रेणी में पद्म पुरस्कार मिला है।

स्वास्थ्यकर्मी और समाज सेवक सम्पत रामटेके (नागपुर) को मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया। उनकी मृत्यु 2017 में हो गई थी।

कला, समाज सेवा, लोक-कार्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, व्यापार और उद्योग, स्वास्थ्य, साहित्य तथा शिक्षा, खेल प्रशासनिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

असैन्य क्षेत्र में असाधारण और विशिष्ट प्रदर्शन के लिए ‘पद्म विभूषण’, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए ‘पद्म भूषण’ तथा विशिष्ट प्रदर्शन करने के लिए ‘पद्म श्री’ अलंकरण प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं।

भारत में नागरिकों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ है।

इस वर्ष कुल 85 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है जिनमें तीन लोगों को पद्म विभूषण, नौ लोगों को पद्म भूषण तथा 14 महिलाओं, 16 विदेशी नागरिकों और तीन मरणोपरांत सहित कुल 73 पद्म श्री पुरस्कार हैं।

आम तौर पर ये पुरस्कार मार्च-अप्रैल के दौरान राष्ट्रपति भवन में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close