राष्ट्रीय

कर्नाटक में अमित शाह ने भाजपा रैली को दिखाई हरी झंडी

बेंगलुरु, 2 नवंबर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य भर में 75 दिनों तक चलने वाली रैली को गुरुवार को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। शाह सुबह हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड हवाई अड्डे पर उतरे और करीब एक घंटे से ज्यादा तक जाम में फंसे रहे। इसके बाद उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में स्थित बेंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए हेलिकॉप्टर से उड़ान भरी।

हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों पर सभास्थल के लिए निकले जिसके कारण शहर की कई मुख्य सड़कों पर जाम लग गया।

पार्टी की राज्य इकाई के एक पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया, हम जनवरी के अंत तक रैली निकालेंगे। यह रैली सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। कर्नाटक में पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी।

राज्य भर से इस बाइक रैली में शामिल होने के लिए करीब एक लाख पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शहर में इकठ्ठा हुए थे।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 2018 अप्रैल-मई में होने हैं।

कर्नाटक में भाजपा ने अपने दम पर पहली बार 2008 में सत्ता हासिल की थी लेकिन 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उसे कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

यह रैली नरेंद्र मोदी के 29 अक्टूबर के दौरे के चार दिन बाद हो रही है। रैली को ‘नव कर्नाटक निर्माण परिवर्तन’ नाम दिया गया है और यह दो चरणों में राज्य भर में घूमेगी।

पदाधिकारी ने कहा, रैली पहले चरण में 17 जिलों और दूसरे चरण में 13 जिलों से होकर गुजरेगी। दूसरे चरण को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 21 दिसंबर को हुबली से हरी झंडी दिखाएंगे।

मोदी, रैली के अंतिम दिन 28 जनवरी को यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

राज्य इकाई के अध्यक्ष बी.एस. येदियुरप्पा एक विशेष बस में रैली में होंगे। उनके साथ मोटर साइकल और चार पहिया वाहनों पर सवार लगभग तीन लाख कार्यकर्ता और समर्थक इस दो-चरण की रैली में भाग लेंगे।

पदाधिकारी ने कहा, राज्य में पार्टी के नेताओं के अलावा, कई केंद्रीय मंत्री रैली में भाग लेंगे। साथ ही कर्नाटक को विकास पर वापस लाने के लिए वे लोगों को संबोधित करेंगे क्योंकि कांग्रेस सभी मोचरें पर विफल रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close