Main Slide

गुजरात में आम आदमी पार्टी को चुनावी झटका, आडवाणी के खिलाफ लड़ने वाले नेता समेत 100 कांग्रेस में गए

गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।

गुजरात में कई बड़े चेहरों के साथ पार्टी के करीब 100 नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इनमें आप की महिला विंग की अध्यक्ष वंदना पटेल और 2014 के लोकसभा चुनाव में लाल कृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले ऋतुराज मेहता भी
शामिल हैं।

लाल कृष्ण आडवाणी ने गांधीनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वंदना ने भी लोकसभा चुनाव महेसाणा सीट से लड़ा था।

यह भी पढ़ें : दो लड़कियों को दोस्त के जाल मे फंसा किया रेप, फिर हत्या कर कुत्तों को खिलाई लाश

 मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात प्रदेश प्रवक्ता मनीष दोषी ने बताया कि वंदना और ऋतुराज मेहता सहित आप के करीब 100 कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी के समक्ष कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

यह कदम जहां आप के लिए एक झटका है। वहीं, कांग्रेस के लिए खुश होने की वजह है। आम आदमी पार्टी के 100 नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से उसकी ताकत बढ़ी है। गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी काफी सक्रिय नजर आ रही है।

इससे पहले गुजरात के ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर ने भी कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। इसके अलावा कई पाटीदार नेताओं को भी कांग्रेस ने पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है।

उम्मीद जताई जा रही है कि हार्दिक पटेल सहित कई पाटीदार नेता कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। अटकलें यह भी लगाई जा रही है कि आप के कई और कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

गुजरात में 22 साल से भारतीय जनता पार्टी की सरकार काबिज है। लेकिन इस बार कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर देखने के आसार जताए जा रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पूरी ताकत गुजरात विधानसभा चुनाव में लगा रखी है। वे गुजरात में काफी सक्रिय हैं और नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर ‘विकास’ के मुद्दे को लेकर निशाना साध रहे हैं।

बता दें, आम आदमी पार्टी ने गुजरात में 182 विधानसभा सीटों में से 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। आप ने करीब दर्जनभर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा भी कर दी थी।

गुजरात में 4 और 14 दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव है। गुजरात के साथ ही 9 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव है। दोनों राज्यों के चुनाव का परिणाम 18 दिसंबर को जारी कर दिया जाएगा।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close