खेल

भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता ने पूरे किए 150 अंतर्राष्ट्रीय मैच

काकामिगाहारा (जापान), 30 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता ने एशिया कप-2017 में सोमवार को चीन के खिलाफ खेले गए मैच में जीत के साथ अपने 150वें अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि भी हासिल की है। इस मौके पर हॉकी इंडिया (एचआई) ने सविता को बधाई भी दी। भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ खेले गए मैच में 4-1 से जीत हासिल की।

सविता ने 2009 में डर्बन में खेले गए स्पार कप फोर नेशन्स टूर्नामेंट के जरिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया था। इतने वर्षो में अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर सविता ने मुख्य टीम में एक अहम खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह बनाई है।

इस साल कनाडा में आयोजित हुए हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 में सविता को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से नवाजा गया था। इसके अलावा, वह पिछले साल महिला एशिया चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थीं।

हरियाणा निवासी 27 वर्षीय खिलाड़ी सविता 2016 में आयोजित हुए रियो ओलम्पिक खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा थीं। 150वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने पर सविता को बधाई देते हुए अपने एक बयान में हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, सविता एक आदर्श रही हैं और इसके साथ ही वह इतने वर्षो में विकास कर रही भारतीय टीम का हिस्सा भी रही हैं। उनका प्रदर्शन प्रेरणादायक है और मैं उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। इसके साथ ही मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी देना चाहता हूं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close