राष्ट्रीय

मप्र में बौछारें पड़ने की संभावना

भोपाल, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में शुक्रवार की सुबह से बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी जारी है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। राज्य में शुक्रवार की सुबह से मौसम राहत भरा रहा। बादलों और सूरज के बीच जारी लुकाछिपी से जहां धूप की चुभन कम है, वहीं हल्की बदली मौसम को सुहावना बना देती है।

मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण सुबह और शाम ठंड का अहसास होने लगा है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस खजुराहो व धार का रहा, वहीं सबसे कम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दमोह में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आगामी 24 घंटों में शहडोल, रीवा संभागों के अलावा सिवनी, बालाघाट, मंडला आदि जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ चला है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 20.2, ग्वालियर का 21.9 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 33.1 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 35.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close