खेल

आरएफवाईएस फुटबाल टूर्नामेंट में जाकिर हुसैन कॉलेज की जीत

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)| जाकिर हुसैन कॉलेज ने मंगलवार को यहां जारी रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स फुटबाल टूर्नामेंट के एक एकतरफा मुकाबले में हिंदू कॉलेज को 7-0 से हरा दिया। जाकिर हुसैन कॉलेज की ओर से दिशांत नेगी ने चार गोल किए। नेगी ने कॉलेज ब्वाएज वर्ग के इस मुकाबले में दूसरे हाफ में हैट्रिक सहित चार गोल किए। पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। 19वें मिनट में जाकिर हुसैन कॉलेज को बढ़त लेने का मौका मिला था लेकिन उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया।

दूसरे हाफ में मैच के 60वें मिनट में हिंदू कॉलेज को भी बढ़त हासिल करने का एक शानदार मौका मिला लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली। हिंदु कॉलेज की इस नाकामी के बाद प्रद्युम्न यादव ने जाकिर हुसैन कॉलेज को पहली सफलता दिलाई और इसके बाद मानो गोलों की झड़ी सी लग गई।

दिशांत ने 62वें, 76वें, 78वें और 86वें मिनट में चार गोल किए। दिशांत के अलावा विजेता टीम के लिए उमा शंकर ने 70वें और मुज्तबा खान ने 90वें मिनट में गोल किए।

एक अन्य मुकाबले में पीजीडीएवी कॉलेज ने पिछड़ रहे होने के बावजूद जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय को 4-1 से हराया। मैच का पहला गोल जामिया के मोहम्मद नबील हाजिक ने 22वें मिनट में किया लेकिन डीएवी की ओर से अमन सिंह भाटी ने बराबरी का गोल कर हिसाब बराबर कर दिया।

इसके बाद रोशन सिंह चौहान ने 41वें मिनट में एक और गोल कर डीएवी को 2-1 से आगे कर दिया। ब्रेक के बाद करण यादव ने दो गोल किए और मैच का परिणाम पूरी तरह डीएवी के हक में कर दिया।

एक अन्य मैच में एमिटी विश्वविद्यालय ने शारदा विश्वविद्यालय को 3-0 से हराया। एमिटी के लिए हैरिस बार्कजी ने शानदार हैट्रिक लगाई।

परिणाम :

1. जाकिर हुसैन कॉलेज ने हिंदू कॉलेज को 7-0 से हराया।

2. पीजीडीएवी कॉलेज ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय को 4-1 से हराया।

3.एमिटी विश्वविद्यालय ने शारदा विश्वविद्यालय को 3-0 से हराया।

4. जाकिर हुसैन कॉलेज (इवनिंग) ने राम लाल आनंद कॉलेज को 1-0 से हराया।

5.किरोड़ी मल कॉलेज ने शिवाजी कॉलेज को 2-2 की बराबरी पर रोका।

6. आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज ने आईआईटी दिल्ली को 3-1 से हराया।

7. आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज ने इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स को 2-1 से हराया।

8. महाराजा अग्रसेन कॉलेज (वसुंधरा) ने डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर कॉलेज को 2-2 से ड्रॉ पर रोका।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close