राष्ट्रीय

कन्नूर में आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या, भाजपा की अफस्पा मांग

कन्नूर | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक पदाधिकारी की बेरहमी से काटकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद शनिवार को कन्नूर में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) लागू करने की मांग की है। वहीं मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा कि इस तरह की घटना कभी-कभार होती है और उन्होंने भाजपा की मांग को दरकिनार कर दिया।

शुक्रवार शाम आरएसएस के पदाधिकारी बीजू की कन्नूर के पयनूर में बेरहमी से काटकर हत्या कर दी गई थी। कन्नूर केरल का वह इलाका है, जहां राजनीतिक हत्याएं आम हो चली हैं। प्रदेश भाजपा ने हत्या के लिए सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को जिम्मेदार ठहराया है, वहीं वाम दल ने आरोपों से इनकार किया है।

कन्नूर जिला शनिवार को पूरी तरह बंद रहा। अब तक बंद शांतिपूर्ण है और दुकानें, बाजार तथा प्रतिष्ठान बंद हैं और सार्वजनिक वाहन सड़कों से नदारद हैं। राज्य में भाजपा के एकमात्र विधायक ओ.राजगोपाल तथा पार्टी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को राज्यपाल पी.सदाशिवम से मिला और कन्नूर में अफस्पा लगाने की मांग की।

राजगोपाल ने कहा, “आज की तारीख में केरल पुलिस माकपा का एक संगठन बन चुका है और लोगों की जान तथा संपत्ति की रक्षा करने में वह बुरी तरह नाकाम है।”

उन्होंने तिरुवनंतपुरम में संवाददाताओं से कहा, “पुलिस और माकपा के नेताओं की हमेशा सांठगांठ होती है। माकपा नेता पुलिस को निर्देश देते हैं। कन्नूर में शांति वापस लाने का एक ही तरीका है, यहां अफस्पा लागू करना।”

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close