Main Slideराष्ट्रीय

राजौरी में सेना की फायरिंग में 2 स्थानीय लोगों की मौत, गुस्साए लोगों ने राजौरी-जम्मू हाईवे किया जाम

जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग के जिला राजौरी में दो स्थानीय नागरिकों की मौत होने की खबर है। सेना के शिविर के पास संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद सैनिकों ने गोलियां चलाईं, जिसमें दो लोग मारे गए। जबकि एक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों स्थानीय नागरिक हैं। इसे लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। लोगों ने हाईवे जाम कर सेना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि सेना के एक संतरी ने शुक्रवार सुबह कथित तौर पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित सेना के साथ कुलियों के रूप में काम कर रहे थे। सुबह करीब 6.15 बजे वह एक सैन्य शिविर के अल्फा गेट के पास आ रहे थे, इसी दौरान उन पर गोलीबारी की गई।

अधिकारियों ने कहा कि राजौरी के रहने वाले शलिंदर कुमार और कमल किशोर की गोलीबारी में मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। गोलीबारी की वजह से अभी पता नहीं चल पाया है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण है और गुस्साए लोगों ने सेना के शिविर पर पथराव कर हाईवे भी जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतकों के परिवार के लिए 10-10 लाख का मुआवजा, संगे-संबंधियों के लिए नौकरी, बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा के साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले राजौरी के मुरादपुर में बुधवार को सेना और पुलिस की तरफ से संदिग्ध दिखे जाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया था कि सुबह करीब 5 बजे कंधे पर बैग लटकाए दो अजनबी उनके परिसर में घुसकर दरवाजा खोलने के लिए कहने लगे।

उन्होंने आसपास के लोगों को फोन किया और शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों फरार हो गए, तत्काल सेना और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 6 घंटे तक सेना व पुलिस ने चप्पा-चप्पा खंगाला, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close