प्रदेश

हेयर ट्रांसप्‍लांट करवाने के बाद पुलिस के जवान की मौत, 11 मई को होनी थी शादी

अगर आप दोबारा बाल उगाने का सपना रखते हैं, तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि इस सपने के कारण पटना में एक पुलिस जवान की जान चली गई। पुलिस जवान ने अपनी शादी से पहले गंजेपन से छुटकारा पाने के लिए हेयर ट्रांसप्लांट करवाया था। लेकिन, हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के सिर्फ 24 घंटे के भीतर जवान को सिर में दर्द होने लगा और अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो गई।

बीएमपी में कार्यरत मनोरंजन पासवान नाम के सिपाही की तबीयत हेयर ट्रांसप्‍लांट के बाद इस कदर बिगड़ी कि उनकी मौत हो गई। कुछ ही दिनों बाद उनकी शादी होने वाली थी।

बता दें कि पिछले कुछ समय से बीएमपी जवान मनोरंजन पासवान पटना के बोरिंग रोड स्थित एक क्ल‍िनिक में अपने हेयर ट्रांसप्लांट का ट्रीटमेंट करवा रहे थे। इस ट्रीटमेंट के दौरान उनका शरीर काला पड़ने लगा था। तबीयत बिगड़ने पर आनन फानन में उन्हें एक बड़े निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। लेकिन एक घंटे के अंदर मनोरंजन की मौत हो गई. मनोरंजन गया में विशेष सशस्त्र पुलिस में तैनात थे। उनके पार्थिव शरीर को लेने के लिए गया से पुलिस की दो बसें आई थीं। हालांकि इस मामले में किसी पक्ष की ओर से अब तक कोई विधि‍क कार्रवाई नहीं की गई है।

यह भी बताया जा रहा है कि बोरिंग रोड की जिस क्लिनिक में मनोरंजन का इलाज चल रहा था, वहां कोई डाक्‍टर नहीं है। कुछ लोगों ने कोलकाता के एक विशेषज्ञ की फ्रेंचाइजी ले रखी थी। वहीं मनोरंजन ने अपना हेयर ट्रांसप्लांट कराया था। हालात बिगड़ने के बाद उन्हें एक निजी हॉस्पिटल में ले जाया गया। निजी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने बताया कि रोगी गंभीर हालत में इमरजेंसी लाया गया था। वहां प्लास्टिक सर्जन, कार्डियक सर्जन, इंटरनल मेडिसिन और आईसीयू के सभी विशेषज्ञों ने इलाज शुरू किया, हालांकि कुछ देर में ही कार्डियक अरेस्ट होने से उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जब वे उस क्लिनिक में गये जहां जवान का हेयर ट्रांसप्लांट हुआ था तो ताला लगा मिला। क्लिनिक के सभी कर्मी फरार हो चुके थे। हेयर ट्रांसप्लांट के लिये 51 हजार रुपये में बात हुई थी। एडवांस के रूप में 11 हजार 767 रुपये मनोरंजन ने दिये थे। बाकी के पैसे ईएमआई पर देने थे।

आने वाले 11 मई को ही मनोरंजन की शादी थी। शादी को लेकर घर में खुशियों का माहौल था। परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। लेकिन इसी बीच दुखों का पहाड़ मनोरंजन के घरवालों पर टूट पड़ा। एकाएक उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

 

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close