Main Slideराष्ट्रीय

आ रहा है शाहीन तूफान, इन इलाकों में मचा सकता है तबाही; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली: चक्रवात गुलाब के बाद अब शाहीन तूफान भी एक्टिव हो रहा है। गुजरात और बिहार समेत 7 राज्यों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसको लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी किया है और भविष्यवाणी की है कि अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान के मजबूत होने के आसार हैं। इससे पहले 26 सितंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान गुलाब ने तबाही मचाई थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी। चक्रवात शाहीन के आज उत्तरपूर्वी अरब सागर के ऊपर बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात में आज रात या शनिवार तड़के इसके भीषण चक्रवात में बदलने की संभावना है। हालांकि, शाहीन भारतीय तट को पार नहीं करेगा, मगर भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र में आज रात भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दक्षिण गुजरात के ऊपर एक निम्न वायु दाब क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। साथ ही, विभाग ने मछुआरों को राज्य के तट से लगे अरब सागर में नहीं उतरने की चेतावनी दी है और तीन अक्टूबर तक मछली पकड़ने की सभी गतिविधियां स्थगित रखने का सुझाव दिया है। विभाग ने दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों और सौराष्ट्र क्षेत्र में बुधवार को भारी बारिश होने और अगले दोनों में राज्य में व्यापक स्तर पर बौछार पड़ने का पूर्वानुमान किया है।

मौसम विभाग की मानें तो गुजरात तट से दूर उत्तरपूर्वी अरब सागर पर दबाव गुरुवार रात देवभूमि द्वारका (गुजरात) से लगभग 255 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में, कराची (पाकिस्तान) से 180 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और चाबहार बंदरगाह (इरान) से 660 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में गहरे दबाव में बदल गया। अगले कुछ घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, उत्तर-पूर्वी अरब सागर में उभरने और एक चक्रवाती तूफान शाहीन में बदलने की संभावना है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close