प्रदेश

सरकार के प्रयासों से प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर में कमी आई है: सुरेश कुमार खन्ना

लखनऊ। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश कोविड-19 महामारी के खिलाफ पूरी तैयारी के साथ लड़ रहा है। इससे वर्तमान में कोरोना संक्रमण की दर में कमी आयी है। 24 अप्रैल 2021 को प्रदेश में 38,055 से अधिक कोरोना संक्रमित लोगों की रिपोर्ट आई थी। लेकिन प्रदेश सरकार के कुशल प्रबंधन से वर्तमान में 31,165 कोरोना के केस आए हैं और 40,852 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसी प्रकार 1 मई को 3,01,833 कोरोना के सक्रिय केस थे। वर्तमान में 2,62,474 सक्रिय केस है। उन्होंने बताया कि 1,05,08,125 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गयी, जिसमें से 25,22,860 लोगों को इसकी दूसरी डोज भी दी जा चुकी है। इस प्रकार अभी तक कुल 1,30,90,985 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री खन्ना आज अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना का रिकवरी रेट बेहतर हुआ है। कोरोना संक्रमण की दर में तथा इसके पॉजिटिव रेट में भी कमी आई है। अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार किया गया है। लोगों को सही वक्त पर इलाज मिले चाहे वह होम आइसोलेशन में हो या फिर अस्पताल में लोगों को ऑक्सीजन एवं दवाओं की कमी ना होने पाए,इसके लिए प्रदेश सरकार पूरे प्रयास कर रही है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान में अभी तक 51284 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार चाहती है की कोरोना से बचाव के लिए लोगों का जल्द से जल्द टीकाकरण किया जाए, क्योंकि जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, उनके कोरोना संक्रमित होने पर खतरा कम हो रहा है और वे जल्दी स्वस्थ हो जा रहे हैं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने लोगों से अपील की है कि कोरोना वायरस से बचने के लिए लोग सरकार के निर्देशों का पालन करें। कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुसार रहे, मास्क लगाएं, ज्यादा से ज्यादा घर पर रहे, भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचें,साथ ही समय पर टीका अवश्य लगवायें।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close