राष्ट्रीय

राहुल ने उत्तर कर्नाटक में हरित मैराथन को हरी झंडी दिखाई, दौड़ भी लगाई

विजयपुरा (कर्नाटक), 25 फरवरी (आईएएनएस)| कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर कर्नाटक के विजयपुरा जिले स्थित ऐतिहासिक गोल गुंबज में पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए रविवार को एक मैराथन को हरी झंडी दिखाई और दौड़ में हिस्सा भी लिया।

पीली टी-शर्ट और नीली जीन्स में गांधी ने पार्टी की राज्य इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ‘वृक्षाथन 2018’ में हिस्सा लिया। ये सभी 17वीं सदी के बादशाह मोहम्मद आदिल शाह के मकबरे पर जमा हुए थे। इस वृक्षाथन के जरिए वृक्ष और जल संरक्षण का आह्वान किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी. परमेश्वर, पार्टी के राज्य प्रभारी व लोकसभा सदस्य के.सी. वेणुगोपाल और राज्य के जल संसाधन मंत्री एम.बी. पाटील ने भी सैकड़ों स्थानीय युवकों सहित राहुल के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।

राहुल शनिवार से ही राज्य के उत्तरी क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उनके इस दौरे का नाम ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ रखा गया है। राज्य विधानसभा का चुनाव अप्रैल के अंत या मई के प्रारंभ में होना है।

राहुल ने पड़ोसी बगलकोट जिले में कृष्णा नदी पर निर्मित चिक्कापडसलागी जलाशय पर पुष्पांजलि अर्पित की और प्रार्थना की।

उन्होंने जामखंडी में महात्मा गांधी की प्रतिमा को माल्यार्पण किया और किसानों व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने आईएएनएस से कहा, गांधी ने बिलागी और लाखापुर में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी बातचीत की और बगलकोट जिले के मुधोल में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close