राष्ट्रीय

लोकसभा में आंध्र प्रदेश के सांसदों का प्रदर्शन जारी

नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)| तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सदस्यों ने वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों के साथ मिलकर लोकसभा में गुरुवार को फिर से विरोध प्रदर्शन कर प्रश्नकाल के दौरान सदन को थोड़ी देर के लिए स्थगित करने को मजबूर कर दिया।

बाद में संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार और केंद्रीय मंत्री तेदेपा के वाई.एस. चौधरी ने आंध्र प्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग कर रहे सदस्यों को शांत कराने का प्रयास किया।

जैसे ही सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तेदेपा और युवजन श्रमिक राइथू (वाईएसआर) कांग्रेस के सदस्य पोस्टर के साथ अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के आसन के समीप इकठ्ठा हो गए और आंध्र प्रदेश के लिए ‘न्याय’ की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे।

अध्यक्ष ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपनी सीटों पर वापस चले जाएं, लेकिन प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही।

प्रश्नकाल के बीच तेदेपा सांसद एन. शिव प्रसाद ने लोकसभा महासचिव की मेज से कार्यवाही के नियमों की कुछ किताबें उठाईं और उनके साथ बाहर निकलने का प्रयास किया। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि वह अन्य लोगों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।

अध्यक्ष के आसन के सामने बैठे लोकसभा सचिवालय के स्टाफ के संबंध में अध्यक्ष ने कहा, यह आपके लिए काम कर रहे हैं, अगर इनके साथ कुछ भी होता है तो..यह सही नहीं है, कृपया इनसे दूरी बनाकर रखें।

प्रदर्शन कर रहे सदस्य महासचिव की मेज के पास खड़े होकर प्रदर्शन करते रहे। नाराज अध्यक्ष ने सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

जैसे ही सदन दोबारा से शुरू हुआ, विरोध फिर से शुरू हो गया। शिव प्रसाद प्रदर्शन के दौरान झुनझुना बजाते नजर आए।

वित्त मंत्री अरुण जेटली जब बजट पर बहस पर जवाब देने आए तो अनंत कुमार ने सदस्यों से विरोध प्रदर्शन रोकने का आग्रह किया।

तेदेपा के वाई.एस. चौधरी ने प्रदर्शनकारी सदस्यों से सरकार को थोड़ा समय देने के लिए कहा।

उन्होंने कहा, अगर 15 दिनों में मुद्दे का समाधान नहीं होता है तो हम इस पर एक विशेष चर्चा करेंगे।

तेदेपा सदस्यों ने हालांकि अपना विरोध जारी रखा। जैसे ही बहस शुरू हुई, दोनों दलों के सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप अकर खड़े हो गए लेकिन उन्होंने नारेबाजी बंद कर दी।

सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल तेदेपा आंध्र प्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग कर रही है। पार्टी सदस्यों ने इस मामले में केंद्र सरकार पर अपना वादा नहीं निभाने को लेकर निशाना साधा और कहा कि वह अपना गठबंधन धर्म नहीं निभा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close