राष्ट्रीय
पाकिस्तानी गोलीबारी में घायल हुआ जवान शहीद
जम्मू, 24 जनवरी (आईएएनएस)| जम्मू क्षेत्र में हाल ही में पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई गोलीबारी में घायल हुआ एक जवान बुधवार को राजौरी के एक अस्पताल में शहीद हो गया। हालांकि, नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर लगातार दूसरे दिन शांति रही। इसके साथ ही जम्मू क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन के कारण हुई मौतों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
इससे पहले नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान द्वारा हाल ही में की गई गोलाबारी और गोलीबारी में सात नागरिकों और पांच सुरक्षा बलों की मौत हो चुकी है।
जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारत और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच हुई अंधाधुंध गोलीबारी के बाद पिछले दो दिनों से शांति है।