राष्ट्रीय

उप्र : ठंड का कहर जारी, सरकार ने 708 रैनबसेरे बनवाए

लखनऊ, 28 दिसंबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एवं आसपास के जिलों में गुरुवार सुबह से ही कोहरे का असर दिखाई दिया। इससे जनजीवन काफी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह से कोहरे व ठंड का असर और बढ़ेगा।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, सुबह घने कोहरे का असर दिखाई दिया। हालांकि, दोपहर तक धूप निकलने से कोहरे से राहत मिलेगी। रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किय गया जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 6़.2 डिग्री, वाराणसी का 8 डिग्री, इलाहाबाद का 7.5 डिग्री और झांसी का 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को ठंड के दौरान गरीब और आश्रयहीन लोगों के लिए राहत की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ठंड के दौरान निराश्रित और बेघर लोगों को असुविधा ना हो।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सभी जनपदों में गरीब और निराश्रित व्यक्तियों को ठंड से राहत देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत लगभग सभी जनपदों में विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में अब तक 23,657 अलाव जलवाए गए हैं और कुल 1 लाख 64 हजार 276 कंबलों का निशुल्क वितरण किया गया है। प्रदेशवासियों को ठंड से बचाने के लिए राज्य में कुल 708 रैनबसेरे भी स्थापित किए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close