Main Slideराष्ट्रीय

नोटबंदी का एक साल : कांग्रेस ‘काला दिवस’ तो BJP मनाएगी ‘काला धन विरोधी दिवस’

नई दिल्ली। केंद्र में भाजपा की सरकार द्वारा लिए गए नोटबंदी के फैसले को आज एक साल पूरा हो गया। ज्ञात हो कि पिछले साल 8 नवंबर 2016 को सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था में चल रहे 500—1000 के  नोटों को बन्द कर दिया था।

वहीं भाजपा और कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष आज नोटबंदी के मुद्दे पर आमने-सामने होंगे। भाजपा नोटबंदी के एक साल पूरे होने के मौके पर आज ‘काला धन विरोधी दिवस’ मनाने वाली है जबकि कांग्रेस इसे ‘काला दिन’ के तौर पर मनाएगी।

पीएम मोदी ने पिछले साल आठ नवंबर को ही 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को अमान्य घोषित किया था। कई केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता आज देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर नोटबंदी के ‘फायदे’ गिनाएंगे।

नोटबंदी के चलते लोगों को हुई थी परेशानी

नोटबंदी को जन विरोधी करार देते हुए कांग्रेस और कई विपक्षी पार्टियां देश भर में इसके खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। विपक्ष की आलोचना से बेपरवाह भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि नोटबंदी से अर्थव्यवस्था ‘स्वच्छ’ हुई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनंत कुमार, निर्मला सीतारमण, मुख्तार अब्बास नकवी, सुरेश प्रभु और स्मृति ईरानी क्रमश: मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, चंडीगढ़, जयपुर और लखनऊ में मीडिया से रुबरू होंगे और इस मुद्दे पर बात करेंगे।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बेंगलुरु और पीयूष गोयल अहमदाबाद में मीडिया से बात करेंगे। जयंत सिन्हा भी कालेधन के विरोध में बोलेंगे। बता दें के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में रहेंगे।

व्यापारियों से मिलेंगे राहुल गांधी : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नोटबंदी के सरकार के निर्णय की पहली बरसी पर आज 08 नवंबर को सूरत का दौरा करेंगे। कांग्रेस आज आठ नवंबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मना रही है। राहुल गांधी उद्योग प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक बैठक करेंगे।

राहुल गांधी सूरत के अडाजन गाम में स्थित संजीव कुमार ऑडिटोरियम में व्यापारियों के साथ मुलाकात करेंगे और उसके बाद राहुल गांधी चौक बाजार में विवेकानंद की प्रतिमा के पास मोमबत्ती जुलूस में भी भाग लेंगे।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close