राष्ट्रीय

बिहार में राजद नेता को गोली मारी, हालत गंभीर

अररिया, 31 अगस्त (आईएएनएस)| बिहार के अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता सुरेश पासवान को गोली मार दी और फरार हो गए। उन्हें घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कई क्षेत्रों से बाढ़ पीड़ितों का हाल जान कर सुरेश पासवान सिमराहा लौट रहे थे। सिमराहा कॉलोनी (ओवरब्रिज के पास) में एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें पीछे से गोली मार दी और फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें फारबिसगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

राजद दलित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश पासवान रहिकपुर ठीलामोहन पंचायत के पूर्व मुखिया भी रह चुके हैं। सिमराहा के थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया इस मामले में आपसी रंजिश वजह लग रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close