Main Slideराष्ट्रीय

दुष्कर्म मामले में डेरा प्रमुख राम रहीम की सजा का ऐलान आज, उपद्रवियों को शूट करने का आदेश

चंडीगढ़। दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सोमवार को रोहतक के पास सुनारिया जेल में विशेष अदालत द्वारा सजा सुनाई जाएगी। सजा का ऐलान दोपहर 2.30 बजे होगा। जेल के आसपास किसी भी संदिग्ध को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं।

रोहतक के पास सुनारिया की जेल में बनाई गई विशेष अदालत सजा का ऐलान करेगी। इसी जेल में डेरा प्रमुख को रखा गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने शुक्रवार को डेरा प्रमुख को दुष्कर्म का दोषी ठहराया था।

डेरा प्रमुख को न्यूनतम सात साल से आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। अर्धसैनिकबलों और हरियाणा पुलिस सहित सुरक्षाबलों ने जिला जेल परिसर को चारों ओर से घेर लिया है। सेना को भी अलर्ट पर रखा गया है।

हरियाणा के एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) मो. अकील ने बताया कि रोहतक में अर्धसैनिक बलों की 23 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके साथ ही रोहतक, सिरसा, अंबाला, पंचकूला सहित कई जिलों में धारा 144 लागू रहेगी।

जेल परिसर के 10 किलोमीटर तक के दायरे में किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (डीसीपी) बी.एस.संधू ने कहा, “हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। सेना को भी मुस्तैद किया गया है।”

हरियाणा और पंजाब में सोमवार को सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हरियाणा के सिरसा में कफ्र्यू लगा है, जो आज भी रहेगा।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close