राष्ट्रीय

महाराष्ट्र में 12 दिवसीय गणेश उत्सव शुरू

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)| कई जगहों पर बारिश के बीच शुक्रवार को हजारों लोगों ने उत्साह के साथ भगवान गणेश का स्वागत किया। महाराष्ट्र में 12 दिनों तक गणेश महोत्सव की धूम रहेगी। भारत के अन्य हिस्सों और विदेशों में भी यह महोत्सव भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न सार्वजनिक मंडलों, आवास परिसरों और घरों में लोगों ने विघ्नहर्ता गणेश की मूर्तियां स्थापित की हैं।

गणेश की पूजा-अर्चना में फिल्मी हस्तियां, राजनेता और उद्यमी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने भी मालाबार हिल स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में गणेश मूर्ति की स्थापना की है। उनके मंत्रियों पंकजा मुंडे और विनोद तावडे ने भी बप्पा (गणेश) की मूर्ति स्थापित की है।

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और राजनेता मनोहर जोशी सहित महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता संदीप देशपांडे और अन्य नेताओं ने भी अपने आवास पर गणेश की मूर्ति स्थापित की है।

भारतरत्न लता मंगेशकर, शाहरुख खान, सलमान खान, नाना पाटेकर, रितेश देशमुख, गोविंदा, शिल्पा शेट्टी, श्रद्धा कपूर, विवेक ओबेरॉय, माधुरी दीक्षित, उर्मिला मातोंडकर और बप्पी लाहिड़ी आदि फिल्मी हस्तियां धूमधाम से गणेश उत्सव मना रही हैं।

मराठी फिल्म उद्योग के बड़े कलाकार जैसे स्वप्निल जोशी, सुयश तिलक, शशांक केतकर, केदार शिंदे, अभिजीत खांडेकर, प्रतिमा बेहरे, संभावना सेठ, रोहित वर्मा आदि भी इस महोत्सव को उत्साह के साथ मना रहे हैं।

मुंबई में धूमधाम से गणेश महोत्सव मनाने की परंपरा स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने शुरू की थी, तब से लगातार पिछले 125 सालों से यह मनाया जा रहा है।

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध प्राचीन अष्टविनायक मंदिरों में जोर-शोर से यह उत्सव मनाया जाता है, जहां गणपति अपने विभिन्न स्वरूपों में स्वयंभू रूप से विराजमान हैं।

इन मंदिरों में से मयूरेश्वर मंदिर, चिंतामणि मंदिर, गिरिजात्मजमंदिर, विघ्नेश्वर मंदिर, महागणपति मंदिर जो पुणे में हैं। बालेश्वर और वरदविनायक मंदिर रायगढ़ जिले में हैं और सिद्धिविनायक मंदिर अहमदनगर में।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close