प्रदेश

सैन्य मेजर को सम्मानित करने का नेकां ने किया विरोध

श्रीनगर | जम्मू एवं कश्मीर में एक पथराव से बचने के लिए एक स्थानीय नागरिक को जीप से बांधकर उसे मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करने वाले सेना के मेजर को सम्मानित किए जाने का विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) ने विरोध किया है।

नेकां की विधायक शमीना फिरदौस के नेतृत्व में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने यहां पार्टी मुख्यालय से विरोध मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें जल्द ही रोक लिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने राज्य में सत्तारूढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गठबंधन सरकार पर कश्मीर घाटी में मानवाधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की।

उन्होंने पथराव से बचने के लिए स्थानीय युवक फारूक डार को जीप की बोनट से बांधने वाले सेना के मेजर नितिन लितुल गोगोई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गोगोई ने नौ अप्रैल को उपचुनाव के दिन बडगाम जिले में पत्थरबाजी से बचने के लिए डार को एक जीप की बोनट पर बांध दिया था।

मेजर का कहना है कि उन्होंने ऐसा कई लोगों की जान बचाने के लिए किया था। उनका कहना है कि अगर उस दिन उन्होंने ऐसा नहीं किया होता तो कई लोगों की जान जा सकती थी।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close