Main Slideराष्ट्रीय

सत्ता में आने पर अखिलेश के सभी घोटालों की जांच होगी : मोदी

AllNewsImage9387

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के राज में योग्यता के आधार पर नौकरी नहीं दी जाती। भर्तियों में घोटाले हुए हैं, योग्य व्यक्तियों को नौकरियां नहीं मिल रही। सत्ता में आने पर इन घोटालों की जांच की जाएगी। गाजियाबाद में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “यह चुनाव सिर्फ विधायक चुनने के लिए नहीं है। यह उत्तर प्रदेश का भविष्य बदलने के लिए है। सपा वालों को पांच साल का हिसाब देना चाहिए।”
मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। पिता, चाचा, बहुओं, भाइयों और भतीजों का क्या-क्या किया, यह उत्तर प्रदेश की जनता जानती है। उन्होंने कहा, “अखिलेश मुझसे हिसाब मांगते हैं। मैं आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में समस्त हिसाब दूंगा। अखिलेश पांच वर्ष के कार्यकाल का हिसाब दें। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में भी उत्तर नहीं देते तो उप्र को उत्तम प्रदेश कैसे बनाएंगे।”
भाजपा के घोषणापत्र के बारे में मोदी ने कहा, “यह पार्टी का संकल्प पत्र होता है। हमने जो वादे किए हैं उनको पूरा करेंगे। केंद्र सरकार ने कई नौकरियों में साक्षात्कार समाप्त कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद हमारी बात नहीं मानी गई। राज्य से अभी परीक्षाओं में साक्षात्कार की व्यवस्था समाप्त नहीं हुई। जैसे ही राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी, उसके तत्काल बाद नौकरियों में साक्षात्कार की व्यवस्था समाप्त की जाएगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “जमीन माफियाओं के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स बनाएंगे, क्योंकि यह माफिया आम और मध्यम वर्ग लोगों को लूटते हैं। लोगों के साथ बेईमानी करते हैं, जैसा मकान दिखाते हैं, वैसा बनाते नहीं हैं। अब केंद्र सरकार ने रियल सेक्टर क्षेत्र में धोखाधड़ी रोकने के लिए कानून बना दिया है।”
उन्होंने कहा कि अखिलेश आया तो सोचा नौजवान है। पढ़ा-लिखा है और कुछ अच्छा करने की कोशिश करेगा पर निराश कर दिया। उन्होंने सपा सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि अखिलेश ने तो उप्र का विनाश कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये चुनाव कौन विधायक बने या कौन नहीं बने इसका निर्णय करने के लिए नहीं, किस स्तर की सरकार बने या न बने इसका फैसला करने के लिए नहीं है। ये चुनाव 14 साल से उप्र में विकास का वनवास को समाप्त करने के लिए है। नोटबंदी के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “कुछ लोग इन दिनों समस्या में हैं, क्योंकि मेरी लड़ाई कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। आलम यह है कि इतने दिनों के बाद भी वे अभी भी इसके बारे में बात करते हैं।”
प्रधानमंत्री ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “अखिलेशजी आपने पिता का क्या किया, चाचाजी का क्या किया। बहुओं, बेटियों और भाइयों का क्या किया? जनता यह सब जानती है।” विधानसभा चुनाव 2017 के मद्देनजर सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर मोदी ने जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अखिलेशजी इतने डरे हुए हैं कि जो मिला गले लगा लिया। डूबती नाव में कोई पांव रखता है क्या?
मोदी ने कहा कि स्वार्थ की राजनीति के कारण गरीब को दो जून का खाना भी नहीं मिल सके उसके बाद भी उप्र सरकार को रत्तीभर तकलीफ तक नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा, “मैं छोटे व्यापारियों को कहना चाहता हूं कि मेरी सरकार बनते ही आपकी सुरक्षा की गारंटी मेरी होगी। जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब गुंडागर्दी करने वाले ये लोग या तो जेल में थे या फिर सीधे लाइन में चलते थे।”

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close