Main Slideराष्ट्रीय

गद्दारों की उंगली पकड़कर अयोध्या जा रहे हैं भाजपा वाले: संजय राउत ने साधा निशाना  

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अयोध्या दौरे को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने जमकर निशाना साधा। राउत ने कहा कि धर्म के नाम पर यह जो कुछ भी चल रहा है, मैं उसका विरोध नहीं कर रहा हूं। प्रभु श्रीराम पर हमारी भी आस्था है।

उन्होंने कहा कि मैं भी कई बार अयोध्या जा चुका हूं लेकिन बीजेपी हमारे साथ तो नहीं आई थी। जब बाबरी का मुद्दा हुआ था, तब वे भाग गए थे और अब गद्दारों की उंगली पकड़कर जा रहे हैं। ऐसे लोगों को प्रभु श्री राम का आशीर्वाद नहीं मिलता है।

संजय राउत ने कहा कि मैं खुद बीते 40 साल से अयोध्या जाता रहा हूं। अयोध्या आंदोलन में शामिल रहा हूं। उस पर चल रहे मुक़दमे में मैं भी एक आरोपी हूं। यह बीजेपी के लोग कभी हमारे साथ तो नहीं आये थे। जब बाबरी मस्जिद का मुद्दा हुआ तब हमको छोड़कर भाग गए थे। अब जा रहे हैं गद्दारों की ऊँगली पकड़कर।

संजय राउत ने कहा, आपको क्या लगा है कि भगवान श्री राम उनको आशीर्वाद देंगे। आप देखिएगा इनके मुंबई लौटने के बाद सरकार को क्या होगा? बेईमानों को कभी प्रभु श्री राम का आशीर्वाद नहीं मिलता है।

किसानों को मझधार में छोड़कर गए सीएम

संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश हुई है, ओले पड़े हैं। राज्य के किसानों को हालत खराब है, किसान रो रहा है। बावजूद इसके सबकुछ छोड़कर यह सरकार अयोध्या में पहुंच गई है। ऐसे में क्या प्रभु श्री राम इनको आशीर्वाद देंगे?

उन्होंने कहा अगर आपको प्रभु श्री राम में इतनी ही आस्था थी तो आप सूरत और गुवाहाटी में भागकर नहीं जाते। आप लोग सबसे पहले अयोध्या में जाते लेकिन आज यह लोग अयोध्या जा रहे हैं।

राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे का यह जो अयोध्या दौरा है वह बीजेपी द्वारा प्रायोजित है। बीजेपी के लोगों ने उन्हें कहा है कि आपको अयोध्या जाना चाहिए, क्योंकि हम लोग अयोध्या जाते रहते हैं। वहां पूजा-अर्चना, सरयू नदी के तट पर आरती करते हैं। इसलिए शिंदे सेना हमारी कॉपी कर रही है लेकिन असली, असली ही होता है और डुप्लीकेट डुप्लीकेट, पब्लिक सब जानती है। यह लोग हमारी मिमिक्री कर रहे हैं तो करने दीजिए।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close