प्रदेशराजनीति

रेप केस में गिरफ्तार मिर्ची बाबा बना कांग्रेस के लिए मुसीबत, जानें कैसे

भोपाल। कभी दिग्विजय सिंह तो कभी कमल नाथ का आश्रय लेकर राजनीति में हाथ पाँव मारने वाला मिर्ची बाबा अब कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गया है। भोपाल के महिला थाने में एक महिला ने बाबा के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाई थी। मिर्ची बाबा कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे हैं। भोपाल महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। ACP वुमन सेफ्टी निधि सक्सेना ने बताया कि धारा 376 के तहत मिर्ची बाबा को गिरफ्तार किया गया है।

वैराग्यानंद गिरी महाराज उर्फ़ मिर्ची बाबा सुर्ख़ियों में तब आया जब उसने पिछले लोकसभा चुनाव में भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की जीत के लिए पांच क्विंटल मिर्ची से यज्ञ कराया था। उसने दावा किया था कि यदि दिग्विजय चुनाव हार गए तो वो जलसमाधि ले लेगा। दिग्विजय चुनाव हार गए पर उसने जलसमाधि न लेने का बचाव करते हुए बोला कि उसके भक्त उसे ऐसा करने से रोक रहें हैं। लोगों ने जब फोन करके सवाल पूछे तो उसने आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत पुलिस से कर दी थी।

इस घटना की इतनी चर्चा हुई कि उसे लोग मध्य प्रदेश के बाहर भी मिर्ची बाबा के नाम से जानने लगे। अपने बयानों से वह हमेशा सुर्खियां बटोरता रहा। गौरतलब है कि वह अचानक कांग्रेस नेताओं का मोहरा बन गया जिसे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में समय समय पर आज़माया जाता रहा। पिछले कुछ समय से वह मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ का करीबी हो गया था। साल 2023 के विधानसभा में कांग्रेस का बड़ा चेहरा बनने की कोशिश में लगे मिर्ची बाबा के दुष्कर्मों का बम पहले ही फूट गया।

मिर्ची बाबा ने ऐसा चोला अपनाया की लोगो को लगने लगा कि वो नेताओं का पसंदीदा तांत्रिक है। इसी चोले के कारण पिछले महीने रायसेन की एक महिला उसके जाल में फंस गई। दरअसल महिला के शादी को 7 साल हो गए थे और उसे कोई भी संतान नहीं हुई थी। एक दिन उसने दीवार पर मिर्ची बाबा के करिश्मे का पोस्टर लगा देखा। पोस्टर पर लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल कर उसने पूजा-पाठ करने की इच्छा व्यक्त की। संतान प्राप्ति के लिए तांत्रिक क्रिया करने के नाम पर उसने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर जब महिला ने आपत्ति की तो बाबा ने फटकारते हुए कहा कि वह घबराए नहीं, उसे पुत्र की प्राप्ति होगी। इसी घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।

मिर्ची बाबा पहले भी कई विवादों का हिस्सा रह चुका है। ग्वालियर में उसने अपने ऊपर दो बार हमला किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस का टिकट दिलाने के नाम पर कई लोगों से उगाही करने तक के आरोप उस पर लगते रहे हैं।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close