IANS

पश्चिम बंगाल : पुलिस ने भाजपा की बाइक रैली रोकी

 कोलकाता, 3 मार्च (आईएएनएस)| पश्चिम बंगाल के कई जिलों में रविवार को पुलिस ने ‘विजय संकल्प’ बाइक रैली में भाग ले रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया और उन्हें हिरासत में ले लिया।

 इस बाइक रैली की शुरुआत शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने की। ये बाइक रैलियां चुनाव से पहले भाजपा के देशव्यापी प्रचार अभियान का हिस्सा हैं।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने बोर्ड परीक्षाओं व यातायात मुद्दे का हवाला देते हुए इन रैलियों को इजाजत नहीं दी है।

कोलकाता में पुलिस ने सेंट्रल एवेन्यू, जोरबाग, काकुरगाची व दूसरे महत्वपूर्ण जगहों पर रैलियों को रोक दिया, जबकि उत्तर 24 परगना, हावड़ा, पश्चिम बर्दवान व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में इन रैलियों में व्यवधान डाले जाने की खबर है।

पश्चिम मेदिनीपुर के गोलटोरे इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास किया, जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।

दुर्गापुर में कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ हाथापाई की, जिसके बाद रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को बुलाया गया।

राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि इस तरह की 100 रैलियां बंगाल में आयोजित हो रही हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने दुर्गापुर में एक रैली को हरी झंडी दिखाई। कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है और इस तरह की गिरफ्तारी हर जगह हो रही होगी। लेकिन हम सफल होंगे।”

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close