IANS

गांधी शांति प्रतिष्ठान का वार्षिक व्याख्यान 2 अक्टूबर को

नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)| गांधी जयंती (दो अक्तूबर) पर हर साल आयोजित होने वाले गांधी शांति प्रतिष्ठान के वार्षिक व्याख्यान में इस साल प्रख्यात भाषाविद् गणेश नारायणदास देवी ‘गांधी और भाषा’ विषय पर अपने विचार रखेंगे।

प्रतिष्ठान के सचिव, अशोक कुमार ने जारी एक बयान में कहा है, दो अक्टूबर, 2018 से महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के समारोह प्रारंभ हो रहे हैं, जिसके निमित्त देश-दुनिया में व्यापक कार्यक्रमों की योजना है। दो अक्तबूर के व्याख्यान से इन कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जा रहा है। आज से करीब 100 साल पहले जब संचार-संवाद के वे साधन उपलब्ध नहीं थे, जो आज हैं, तब गांधी ने पूरे देश को आजादी के आंदोलन के लिए एकजुट किया था तो यह उनकी संवाद क्षमता व भाषा का ही जादू था।

बयान में कहा गया है, जाने-माने भाषाविद गणेश देवी महात्मा गांधी की भाषा के इस जादू को समझने-खोलने की कोशिश करेंगे। आदिवासियों तथा जनजातियों के बीच रहने तथा भाषा-संस्कृति पर काम करने वाले अप्रतिम भाषाविद् देवी लोकतंत्र तथा अभिव्यक्ति की आजादी की लड़ाई के एक अग्रणी सिपाही हैं।

बयान के अनुसार, देवी का व्याख्यान दो अक्टूबर अपराह्न् 3.15 बजे गांधी शांति प्रतिष्ठान सभागार में होगा।

उल्लेखनीय है कि प्रख्यात लेखक एम.एम. कलबुर्गी की हत्या के विरोध में लेखकों द्वारा पुरस्कार वापसी का जो सिलसिला शुरू हुआ था, उसमें गणेश देवी ने भी पहल की थी। उनके ही नेतृत्व में 2010-13 में भारत का भाषायी सर्वे किया गया, जिससे यह तथ्य सामने आया था कि देश में 780 भाषाएं जीवित हैं। लेकिन उनकी चेतावनी यह भी है कि अगले 50 वर्षों में इनमें से करीब 400 भाषाएं लुप्त हो सकती हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close