Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

बद्रीनाथ, कर्णप्रयाग व केदारनाथ विधानसभाओं के विकासकार्यों की सीएम ने की समीक्षा

गौरीकुंड में तप्त कुंड को उसके पुराने स्वरूप में बनाया जाएगा

उत्तराखंड में शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चमोली व रूद्रप्रयाग जनपद के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए केबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि शुक्रवार को बद्रीनाथ, कर्णप्रयाग व केदारनाथ विधानसभा की समीक्षा की गई। एनआईसी में तकनीकी खराबी होने के कारण रूद्रप्रयाग व थराली विधानसभा की समीक्षा नहीं हो पाई। इन विधानसभाओं की समीक्षा के लिए अलग से तारीख घोषित की जाएगी।

बैठक में बद्रीनाथ विधानसभा की 24 घोषणाओं की समीक्षा की गई। इसमें से दो पूरी हो चुकी हैं और 19 पर कार्य गतिमान है, शेष पर तेज़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्णप्रयाग विधानसभा में की गई घोषणाओं में से 20 पर कार्य गतिमान है, शेष शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सात घोषणाओं पर काम चल रहा है।

केदारनाथ विधानसभा की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरीकुंड में तप्त कुंड को उसके पुराने स्वरूप में बनाया जाएगा। सिंचाई विभाग इसका निर्माण करेगी। गर्म जलधारा का स्वरूप प्राचीन ही रहे, इसके लिए कन्सलटेंट एजेंसी की राय ली जाए। 2013 की आपदा के दौरान यह तप्त कुंड बह गया था। ऊखीमठ एवं गुप्तकाशी में पेयजल की समस्याओं के समाधान के लिए सर्वे हो चुका है, डीपीआर बनाई जा रही है।

बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत बद्रीनाथ व गोविन्द घाट में आधुनिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एक सप्ताह में भूमि चयन के निर्देश दिए गए। बद्रीनाथ व गोविन्द घाट में साइनेज लगाए जाएंगे। जोशीमठ में हेलीपैड के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है। डीजीसीए से क्लीयरेंस मिलने के बाद जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बद्रीनाथ में राजीव गांधी माध्यमिक नवोदय विद्यालय में छात्रावास के लिए शीघ्र ही भूमि का चयन कर लिया जाएगा।

कर्णप्रयाग विधानसभा के अन्तर्गत गैरसैंण के मास्टर प्लान का कार्य चल रहा है। गैरसैंण में पेयजल की समस्या के हल के लिए झील का निर्माण किया जाना है। मुख्यमंत्री ने इसकी डीपीआर अक्टूबर माह के अंत तक तैयार करने के निर्देश दिए हैं। भराड़ीसैंण में हेलीपैड का विस्तार किया जाएगा। इसके विस्तार से पूर्व इसका तकनीकि परीक्षण करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस बैठक में मुख्यरूप से मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रकाश पंत, विधायक महेन्द्र भट्ट, सुरेन्द्र सिंह नेगी, मनोज रावत, अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, राधा रतूड़ी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी व जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close