IANS

मोदी ने कहा-विश्व को एकजुट कर सकता है योग, कोटा में बना रिकार्ड

देहरादून/नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)| चौथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस देश और विदेशों में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।

देहरादून में मुख्य समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि योग संकटों का सामना कर रहे विश्व को एकजुट कर सकता है। राजस्थान के कोटा में इस अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड भी बना, जहां इस अवसर पर एक जगह पर लगभग दो लाख लोगों ने जमा होकर योगासन किया।

पूरे देश में केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपाल ने हजारों लोगों के संग योग किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अगुवाई करने वाले मोदी ने कहा कि विश्व ने योग को स्वीकार किया है और 21 जून अच्छे स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा जनांदोलन बनकर उभरा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि योग खूबसूरत है क्योंकि यह ‘प्राचीन लेकिन आधुनिक’ है।

उन्होंने कहा, इसमें लगातार विकास हो रहा है। इसमें हमारे अतीत, मौजूदा और भविष्य की उम्मीद है। हम आज जिन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उसका बेहतर समाधान योग है।

आज के बदलते समय में योग मनुष्य के शरीर, मस्तिष्क और आत्मा को एकसाथ जोड़ देता है और शांति प्रदान करता है।

मोदी ने कहा, शांत और रचनात्मक जीवन की कुंजी ही योग है। यह तनाव और मानसिक बैचेनी को हरा देता है। योग बांटने के बजाए लोगों को जोड़ता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग मानवता के लिए सबसे बेशकीमती उपहारों में से एक है।

उन्होंने कहा, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। देहरादून से डबलिन, जकार्ता से जोहान्सबर्ग और शंघाई से शिकागो तक, लोग पूरी दुनिया में योग दिवस मनाते हैं।

इस समारोह में विदेशों के 35 से ज्यादा स्वंयसेवकों ने भाग लिया और देहरादून के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) में लगभग 50,000 लोगों ने योग ‘आसन’ किया।

कोटा में, योग गुरु रामदेव और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में यहां के आरएसी मैदान में रिकार्ड संख्या में लोग योग करने के लिए एकत्रित हुए। यहां सुबह 5 बजे से ही लोगों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी।

लंदन से समारोह की मॉनिटरिंग करने आए गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने रिकार्ड बनाने पर राजे, रामदेव और जिलाधिकारी गौरव गोयल को सर्टिफिकेट प्रदान किया।

मुंबई में योग दिवस समारोह में शामिल हुए उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि योग का धर्म से कुछ लेना-देना नहीं है बल्कि यह स्वास्थ्य व कल्याण के प्रति समग्र दृष्टिकोण है।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उपराज्यपाल अनिल बैजल समेत हजारों लोग राजपथ पर एकत्रित हुए और आसन किया।

हिमाचल प्रदेश में, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सैकड़ों बच्चों के साथ ऐतिहासिक रिज मैदान में योग किया।

तमिलनाडु में लोगों ने मेट्रो स्टेशन समेत कई जगहों पर आसन किया। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राजभवन में छात्रों और अधिकारियों के साथ योग किया।

कर्नाटक में राज्य के कई शहरों में आयोजित योग सत्र में हजारों लोगों ने भाग लिया। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और उनके बेटे व कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने भी इसमें भाग लिया।

पश्चिम बंगाल में सैकड़ों लोगों ने योग किया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने राज्य के भाजपा नेताओं के साथ, यहां योग सत्र में भाग लिया।

मध्यप्रदेश, मणिपुर, पुड्डचेरी समेत देश के अन्य हिस्सों से भी योग दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया।

चीन की राजधानी बीजिंग में योग समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए और योग किया। 500 से ज्यादा लोगों ने यहां भारतीय दूतावास के पुराने परिसर में विभिन्न मुद्राओं में योगाभ्यास किया।

नेपाल, यूरोपीय देश बोस्निया और हरजेगोविना तथा हंगरी जैसे देशों में भी योग दिवस मनाया गया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close