IANS

गुंटूर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास पर हिंसक प्रदर्शन

विजयवाड़ा, 16 मई (आईएएनएस)| आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर में मंगलवार रात को एक युवक द्वारा नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए। पुलिस ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी। भीड़ ने आरोपी को उसे सौंपने की मांग करते हुए एक पुलिस थाने पर हमला कर दिया जिसके बाद पुराने गुंटूर शहर में तनाव फैल गया। भीड़ ने पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ दुपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए भीड़ पर लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पांच और उससे अधिक लोगों के इकठ्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया।

घटना बालाजीनगर इलाके की है, जहां एक 20 वर्षीय युवक मधु ने 10 साल की बच्ची के साथ उस वक्त दुष्कर्म का प्रयास किया, जब वह घर में अकेली थी। जब लड़की रोती हुई घर से बाहर आई तो स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। आरोपी भागकर पास के थाने में गया और आत्मसमर्पण कर दिया।

इस बीच, लड़की के परिजन और अन्य रिश्तेदार पुलिस थाने के बाहर इकठ्ठा हुए और आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग करने लगे।

प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुला लिया। भीड़ ने जबरन थाने में घुसने का प्रयास किया। जब पुलिस ने इसका विरोध किया तो उन्होंने पत्थर बरसाए जिसमें करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने थाने में आकर हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close