उत्तर प्रदेश

सच्चे प्यार की फैन हुई यूपी पुलिस, थाने में कराई प्रेमी जोड़ों की शादी

बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली है। बता दें कि यह शादी किसी मंदिर, विवाह हॉल या फिर परिवारवालों के साथ नहीं बल्कि पुलिस थाने में हुई है। उत्तर प्रदेश पुलिस प्रेमी जोड़ों की शादियां कराने के लिए सुर्खियों में है। यहां पुलिस ने एक प्रेमी जोड़े की थाने में धूमधाम से शादी कराई। बता दें कि यह दोनों प्रेमी जोड़े काफी समय से एक दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन दोनों के घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे।

विवाह की यह रस्म थाना परिसर में पुलिस वालों की मौजूदगी में निभाई गई। प्रेमी जोड़े के विवाह बंधन में बंधने के बाद पुलिस वालों ने दोनों को आशीर्वाद भी दिया। बता दें कि विवाह का यह पूरा मामला मोहम्मदपुर खाला थाने का है।

मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रहने वाले विनय कुमार और नेहा वर्मा एक दूसरे को काफी दिनों से प्यार करते थे। लेकिन दोनों के घर वाले इस शादी के लिए बिलकुल तैयार नहीं थे। यह बात दोनों को नागवार गुजरी और दोनों घर से एक साथ लापता हो गए। जिसके बाद दोनों के घर वालों ने जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने मामले की पूरी छानबीन के बाद पाया कि ये मामला प्रेम प्रसंग का है और लड़का-लड़की आपस में शादी करना चाहते हैं। पुलिस ने दोनों के बालिग होने के सारे दस्तावेज भी देखे। जिसके बाद दोनों को थाना परिसर में ही शादी के बंधन में बांध दिया।

वहीं अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने कहा कि ये दोनों 2 दिन से लापता थे। इनके माता—पिता थाने में रिपोर्ट लिखवाने आए थे। जांच के बाद पता चला कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। दोनों एक दूसरे को चाहते हैं और शादी करना चाहते हैं। जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मोहम्मदपुर खाला थाना परिसर में ही दोनों की शादी करा दी गई।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close