Main Slideराष्ट्रीय

कर्नाटक में बोले पीएम मोदी, भारत विकसित राष्ट्र बनने की राह पर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कर्नाटक के दौरे पर हैं। चिक्काबल्लापुर के बाद उन्होंने बेंगलुरु के दावणगेरे में रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है और यह ‘सबका प्रयास’ के माध्यम से संभव है। पीएम मोदी ने कहा, ‘आज विजय संकल्प रैली हो रही है। उसी समय हमारे कर्नाटक में कलबुर्गी में जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कर्मभूमि है, आज वहां मेयर, उप-मेयर का चुनाव था। वहां भाजपा के मेयर, उप-मेयर जीत गए।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया। ये एक प्रकार से विजय संकल्प रैली का शुभ संकेत है कि विजय यात्रा आरंभ हो चुकी है। लेकिन कल कांग्रेस के साथी ये बयान देंगे कि मोदी आया था, जरूर कुछ किया होगा। इसलिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने घर में ही मुंह की खानी पड़ी।’

इस दौरान पीएम मोदी ने भारतीय भाषाओं को समर्थन देने की पर्याप्त कोशिश नहीं करने और उन्हें लेकर ‘‘खेल खेलने’’ के लिए शनिवार को राजनीतिक दलों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ये दल गांवों, पिछड़े वर्ग के लोगों और गरीबों को चिकित्सक या इंजीनियर बनते नहीं देखना चाहते। मोदी ने मेडिकल के पेशे में शामिल होने में ग्रामीण और गरीब परिवारों के युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस बात को समझते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार ने मेडिकल की शिक्षा में कन्नड़ समेत भारतीय भाषाओं में पढ़ाई का विकल्प मुहैया कराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘मैं आपके सामने उस चुनौती का जिक्र करना चाहता हूं, जिसका सामना मेडिकल पेशे के समक्ष है। इस चुनौती के कारण गांवों से आने वाले, गरीब परिवारों से संबंध रखने वाले और पिछड़े वर्ग के युवाओं के लिए चिकित्सक बनना मुश्किल हो गया था।’’उन्होंने कहा कि कुछ दलों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ और वोट-बैंक की खातिर भाषाओं को लेकर ‘‘खेल’’ खेला, लेकिन उन्होंने भाषाओं को सही अर्थों में प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक काम नहीं किए। मोदी ने कहा, ‘‘कन्नड़ एक समृद्ध भाषा है। यह एक ऐसी भाषा है जो देश के गौरव को बढ़ाती है। इससे पहले सरकारों ने मेडिकल, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी की कन्नड़ में शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम नहीं उठाए।’’

पीएम ने कहा, “ये राजनीतिक दल नहीं चाहते कि गांवों, गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों के बेटे और बेटियां डॉक्टर या इंजीनियर बनें, जबकि गरीबों के कल्याण के लिए काम करने वाली हमारी सरकार ने कन्नड़ समेत भारतीय भाषाओं में मेडिकल शिक्षा का विकल्प दिया है।’’ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर और मधुसूदन साई इस मौके पर मौजूद थे। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि भाजपा सरकार भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर किसी की भागीदारी पर जोर दे रही है। पीएम ने कहा कि हमारे प्रयास भारत के स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। हमने गरीब और मध्यम वर्ग के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close