अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान : तहरीक-ए-तालिबान का क्वेटा में पुलिस गश्ती दल पर आत्मघाती हमला, तीन की मौत

क्वेटा (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिमी शहर क्वेटा में बुधवार को एक पुलिस की गाड़ी पर बम से आत्मघाती हमला किया गया। पुलिस के गश्ती दल को निशाना बनाकर किए गए इस बम विस्फोट में तीन की मौत हो गई और 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है।

पोलियो टीकाकरण की टीम की सुरक्षा कर रही थी पुलिस

घटना की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी अब्दुल हक ने समाचार एजेंसी रायटर को बताया कि एक बम विस्फोट में पुलिस गश्ती दल को निशाना बनाया गया। इसमें तीन की मौत हो गई। 28 लोग घायल हो गए हैं। हमले में एक पुलिसकर्मी, एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई।

आत्मघाती हमले के समय पुलिस का गश्ती दल पोलियो टीकाकरण टीम की सुरक्षा कर रही थी। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना में शामिल लोगों को दी जाएगी कड़ी सजा

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री अब्दुल कुद्दुस बिजेन्जो ने हमले की निंदा की और अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

उन्होंने यह भी वादा किया कि इस तरह के कायरतापूर्ण कृत्य शांति स्थापित करने के बलूचिस्तान के दृढ़ संकल्प को कम नहीं करेंगे। घटना में शामिल सभी तत्वों को कानून के शिकंजे में लाकर कड़ी सजा दी जाएगी।

पोलियो टीकाकरण टीम को निशाना बनाते रहे हैं आतंकी

बता दें कि पाकिस्तान में आतंकी अक्सर पोलियो टीकाकरण टीमों को निशाना बनाते रहे हैं। उनका मानना है कि यह टीकाकरण उनकी जासूसी करने की एक पश्चिमी साजिश है। अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में इस्लामी और अलगाववादी दोनों विद्रोही गुट एक्टिव हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close