उत्तर प्रदेशप्रदेशराजनीतिराष्ट्रीय

Lucknow Hotel Fire: सिविल अस्पताल पहुंचे सीएम योगी, घायलों से की मुलाकात, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही ये बात

राजधानी लखनऊ के लेवाना होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। यह होटल हजरतगंज में स्थित है। इस आग में महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग झुलस गए। आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। होटल में फंसे लोगों को खिड़की तोड़कर निकाला गया। लेवाना होटल अग्निकांड में घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पौने आठ के करीब होटल में धुआं निकलता दिखा। अलार्म बजने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई। आग होटल की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे होटल में फैल गई। आग लगने की घटना का सीएम योगी ने खुद संज्ञान लिया।

सीएम योगी ने ट्वीट किया लखनऊ के एक होटल में आग लगने की घटना अत्यंत दुःखद है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

 

वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना में घायल हुए लोगों से सिविल अस्पताल में मुलाकात की। सीएम ने अग्निकांड की जांच के आदेश दिए। मंडलायुक्त लखनऊ और पुलिस आयुक्त घटना की जांच करेंगे।

इस दौरान सीएम योगी के साथ स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लेवाना होटल अग्निकांड पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ये घटना कैसे हुई है, इसकी जांच होगी। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि मरीज़ों के लिए 13 एम्बुलेंस लगा दी गई हैं।

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ में होटल लेवाना अग्निकांड को लेकर ट्वीट किया है। रक्षामंत्री ने लिखा- लखनऊ के एक होटल में आग लगने की दुखद घटना की मुझे जानकारी प्राप्त हुई। स्थानीय प्रशासन से मैंने स्थिति की जानकारी ली है। राहत और बचाव कार्य जारी है। मेरा कार्यालय लगातार स्थानीय प्रशासन के सम्पर्क में है। मैं घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूँ।

बता दें कि होटल लेवाना लखनऊ के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज में स्थित है। यह जगह लखनऊ रेलवे स्टेशन के 10 मिनट की दूरी पर है। होटल के पास वाली जगह पर ही हजरतगंज मेट्रो स्टेशन बना हुआ है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close