अन्तर्राष्ट्रीयखेल

लंदन की सड़कों पर धोनी के साथ सेल्फी लेने के लिए बेकाबू हुए फैंस, सुरक्षाकर्मियों का लेना पड़ा सहारा, देखें वीडियो

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों लंदन में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने अपना 41वां जन्मदिन भी यहीं मनाया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी लंबे समय बाद अपने फैंस के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने इंग्लैंड में मौजूद टीम इंडिया के खिलाड़ियों से भी यहां मुलाकात की है और साथ ही साथ कई मौकों पर भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते दिखे हैं।

धोनी ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन उनकी लोकप्रियता में अभी भी कोई कमी नहीं आई है। इसका उदाहरण शनिवार को लंदन की सड़कों पर देखने को मिला। धोनी के साथ सेल्फी लेने के लिए उनके फैंस के बीच होड़ लग गई। इसकी वजह से धोनी कई बार असहज भी नजर आए।

फैंस के दिलों पर राज करने वाले धोनी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ तेजी से गाड़ी की तरफ चलते रहे। इस दौरान माही एक जगह लड़खड़ाते हुए भी दिखे। लेकिन उनके साथ सेल्फी लेने को आतुर फैंस उनके चारों तरफ भागते रहे। फैंस को रोकने के लिए धोनी के सुरक्षाकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

धोनी के साथ हुई इस धक्का-मुक्की का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर हुआ, जो देखते-देखते वायरल हो गया। इसमें धोनी चेहरे पर मास्क लगाए हुए सुरक्षा घेरे में तेजी से लंदन की सड़क पर अपनी गाड़ी की तरफ जाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में दो सुरक्षाकर्मी धोनी को दोनों तरफ से पकड़कर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

भारतीय टीम की 2007 से 2016 तक अगुवाई करने वाले धोनी इंग्लैंड के खिलाफ हुए टी20 सीरीज के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ियों से मुलाकात करने स्टेडियम पहुंचे थे। उस वक्त ऋषभ पंत, ईशान किशन समेत कई भारतीय खिलाड़ियों के साथ उनकी तस्वीरें वायरल हुई थी।

बता दें कि भारत को तीन आईसीसी खिताब दिलाने वाले धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट का अलविदा कह दिया था। हालांकि उन्होंने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना जारी रखा है। वही इस साल भी टी20 लीग में खेले थे और अगले साल के लिए भी उन्होंने हामी भर दी है।

धोनी भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे को देखने के लिए स्टेडियम भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सुरेश रैना और हरभजन सिंह के साथ समय बिताया था।

 

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close