उत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ के अमीनाबाद में लगी भीषण आग, हड़कंप

अमीनाबाद में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हडकंप मच गया। आग मार्केट के बीच में रहने वाले वसीम के दो मंजिला व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में लगी थी। दूसरी मंजिल पर परिवार रहता था। हादसे के दौरान परिवार के छह लोग फंस गए थे, जिनको अग्निशमन की टीम ने पड़ोसियों की मदद से पिछले रास्ते से बाहर निकाला। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसा शार्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस व फायर टीम जांच के बाद कारणों के बारे में बताएंगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक गुईन रोड चौराहे पर वसीम का व्यावसायिक कॉम्पलेक्स है। उसी की दूसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। अचानक से धुआं व तेज लपटें निकलती देख लोगों ने शोर मचाया। लेकिन कॉम्पलेक्स में 12 दुकाने है। सभी कागज व कॉपी की होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आनन फानन पुलिस व फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अमीनाबाद फायर स्टेशन के कर्मचारियों ने आग बुझाना शुरू किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक हादसा सुबह के वक्त हुआ था। उस समय कुछ दुकाने खुली थी। कुछ खुल रही थी। वहीं वसीम का पूरा परिवार दूसरी मंजिल पर स्थित आवास में मौजूद था। अचानक आग लगने के कारण उनको बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। अग्निशमन कर्मचारियों ने परिवार के फंसे होने की सूचना पर आसपास के लोगों की मदद से लोगों को निकालना शुरू किया। करीब 15 मिनट में परिवार के सभी छह लोगों को पिछले रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक आग पर काबू पाने के लिए तत्काल आठ दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गई। इसी बीच सूचना मिली की आग पर काबू पाने में दिक्कत आ रही है। इस पर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी बुला लिया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीएफओ के मुताबिक हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close