प्रदेश

पहले सरकार की योजनाओं का पैसा सपा के गुंडे माफिया खा जाते थे: मुख्यमंत्री योगी

बाराबंकी/बहराइच : जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में पांचवें और छठे चरण के मतदान की तारीखें नजदीक आती जा रही हैं, ठीक उसी तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के दौरे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती और अयोध्या में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इन चारों जिलों में हुई जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने फिर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को विकास विरोधी बताया। बाराबंकी के रामनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री ने सपा -बसपा सरकारों को लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल में दुर्गापूजा और मूर्ति विसर्जन के जुलूसों को रोकने का प्रयास होता था। और सरकार की योजनाओं का पैसा सपा के गुंडे माफिया खा जाते थे। मुख्यमंत्री ने रामनगर की चुनावी जनसभा में जिले में एक नई चीनी लगाए जाने का ऐलान भी किया।

रामनगर में बुढ़वल चीनी मिल के सामने आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग आए थे। जनसभा स्थल के आसपास पेड़ों पर भी मुख्यमंत्री को देखने के लिए लोग बैठे थे। यह लोग योगी जिंदाबाद के नारे लगा रहे है। भीड़ के लोगों के उत्साह को देख मुख्यमंत्री ने भी उन्हें उत्साहित किया और कहा कि बाराबंकी वासियों का यह अपार समर्थन यहां भाजपा की प्रचंड विजय का पथ सुनिश्चित कर रहा है। बाराबंकी के राष्ट्रवादी जन सैलाब में ‘दंगेश’ के  मंसूबे बह गए हैं। यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने सपा और बसपा सरकार को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, बसपा सरकारें लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करती थी। बाराबंकी में ही दुर्गा पूजा के कार्यक्रम और मूर्ति विसर्जन के जुलूस को रोका जाता था। पूरे प्रदेश में त्योहारों के पहले हिंसा होती थी। दंगे होते थे। कर्फ्यू लगता था। सपा के गुंडों अराजकता करते थे। सरकारी योजनाओं का पैसा सपा के गुंडे माफिया खा जाते थे। गरीबों को दिया जाने वाला राशन गुंडे माफिया को बेच दिया जाता था।

सपा बसपा की इस खामियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बाराबंकी और बहराइच की अपनी चुनावी सभाओं में कहा कि बसपा और सपा की सरकारें हटने के बाद जब भाजपा की सरकार यूपी में आयी तो सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिलने लगा। पहले जहां सरकार की योजनाओं का पैसा सपा के इत्र वाले मित्र के यहां जाता था। वही अब नया उत्तर प्रदेश बनाने का प्रयास हो रहा है। राज्य में एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। सड़कें बन रही है। लोगों को बिना किसी भेदभाव के बिजली मिल रही है। राशन मिल रहा है। अब राज्य में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता। दंगे नहीं होते। दुर्गा पूजा के कार्यक्रम और मूर्ति विसर्जन के जुलूस उत्साह से निकलते हैं। कावड़ यात्रा निकलती है, उस पर फूल बरसाए जाते हैं। राज्य की कानून व्यवस्था को सरकार ने सुधारा है। सुधरी कानून व्यवस्था के चलते अब दंगाई सहमें हुए हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अगर दंगा करेंगे तो उनका पोस्टर लग जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में लोगों को कोरोना से बचाव के लिए फ्री वैक्सीन लग रही है। अगर सपा और बसपा की सरकारें होती तो लोगों की जान बचाने वाली वैक्सीन भी ब्लैक हो जाती और गरीबों को नहीं मिलती। गरीबों को आवास दिए जा रहे हैं। किसानों को किसान सम्मान निधि और बुजुर्गों तथा निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जाती हैं। रसोई गैस मिल रही है।

अपनी सरकार की इन उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सरकार बनने पर किसानों फ्री में बिजली देने की व्यवस्था की जाएगी। मेघावी बेटियों को स्कूटी देने के  साथ ही शादी अनुदान की धनराशि 25 हजार रुपए से बढ़ाकर एक लाख की जाएगी। कन्या सुमंगला योजना की धनराशि भी बढ़ाकर 25 हजार रुपए की जाएगी। होली और दिवाली में उज्ज्वला योजनाओं के लाभार्थियों को एक रसोई गैस का सिलेंडर भी फ्री में दिया जाएगा। इसलिए उत्तर प्रदेश को देश की प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाने के लिए बाराबंकी और बहराइच की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताए। अपनी जनसभाओं में यह अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे यहां हर बूथ पर कमल का फूल खिलना तय है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close