Main Slideअन्तर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

यूक्रेन से 242 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया का विमान

 

यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच एयर इंडिया का एक विमान पूर्वी यूरोपीय देश से 242 भारतीय नागरिकों को लेकर मंगलवार रात दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। उड़ान संख्या एआई 1946 देर रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। इसने कीव में बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शाम करीब छह बजे (भारतीय समयानुसार) उड़ान भरी थी।

विमानन कंपनी ने भारतीयों को लाने के लिए एक बोइंग 787 विमान को यूक्रेन भेजा था। इस विमान ने मंगलवार सुबह यूक्रेन के लिए उड़ान भरी थी। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 242 यात्री सवार थे। इससे एक दिन पहले, एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-1947 ने नयी दिल्ली से भारतीय समयानुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे उड़ान भरी थी, जो यूक्रेन में कीव स्थित हवाई अड्डे पर दोपहर करीब तीन बजे पहुंची।

विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने रात लगभग 9.46 बजे कहा था कि विभिन्न राज्यों के करीब 250 भारतीय मंगलवार रात यूक्रेन से दिल्ली लौट रहे हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि यूक्रेन से लौटने वाले भारतीयों की मदद के लिए आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानें परिचालित की जाएंगी।

 

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close