Main Slideप्रदेशराष्ट्रीय

आईएनएस रणवीर में हुआ ज़ोरदार धमाका, तीन नौसैनिकों की मौत

 

भारतीय नौसेना के मुंबई स्थित डॉकयार्ड पर आईएनएस रणवीर में मंगलवार को एक धमाके में नौसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गई जबकि 11 घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज मुंबई स्थित नेवी के अस्पताल में चल रहा है।

नौसेना ने बयान जारी कर कहा है कि ‘धमाका जहाज के आंतरिक कक्ष में हुआ।’ जहाज के चालक दल के सदस्यों ने हालात पर तुरंत काबू पा लिया। भारतीय नौसेना ने कहा, कोई बड़ी सामग्री क्षति की रिपोर्ट नहीं है। आईएनएस रणवीर नवंबर 2021 से पूर्वी नौसेना कमान से क्रॉस-कोस्ट ऑपरेशनल तैनाती पर है और जल्द ही अपने बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। इसी दौरान जहाज में धमाका हुआ। हालांकि धमाके के कारण का पता नहीं चल पाया है।

घटना के बाद रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा -“मुंबई में नौसेना के डॉकयार्ड में मंगलवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में आईएनएस रणवीर पर एक आंतरिक डिब्बे में विस्फोट के कारण नौसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गई।” मृतक तीनों कर्मी वरिष्ठ नाविक थे लेकिन अधिकारी नहीं थे। नौसेना मृतकों के परिवारों तक पहुंचने की प्रक्रिया में है और उसके बाद उनके नाम और विवरण जारी करेगी। पांच राजपूत श्रेणी के विध्वंसकों में से चौथा, आईएनएस रणवीर को 28 अक्टूबर, 1986 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close